GST की आहट ने लोगों की मौज कर दी है। ईद करीब है और छूट बेहिसाब, फिर शॉपिंग तो बनती है। सभी मजे ले रहे हैं स्टाक क्लीयरेंस सेल के...
एक जुलाई से लगने वाले वस्तु एवं सेवा कर के पहले चंडीगढ़ के कार डीलरों, इलेक्ट्रानिक रिटेल ऑनर्स और कपड़ा व्यापारियों ने स्टाक क्लीयरेंस सेल लगा डाली है। कार और इलेक्ट्रानिक डीलर तो नब्बे हजार रुपये तक लाभ अपने उपभोक्ताओं को दे रहे हैं। उद्देश्य है कि जीएसटी के आने के पहले पुराना स्टाक एकदम साफ हो जाए।
चंडीगढ़ में लगी मेगा सेल को प्री जीएसटी बेनिफिट्स का नाम दिया गया है। सेल्स विभाग के प्रतिनिधि अपने ग्राहकों को बता रहे हैं कि जीएसटी के आने के बाद छोटी कारें काफी महंगी हो जाएंगी और यही समय है जबकि पंद्रह सौ सीसी वाली कारों को खरीदा जाए। जीएसटी के लगने के बाद कारों पर 28 फीसदी जीएसटी लगेगा और सेस भी, जिससे कारों की कीमत में इजाफा हो जाएगा।
एक बड़ी कार कंपनी के सेल्स प्रतिनिधि ने बताया कि कारों में अभी पचास हजार रुपये तक की छूट मिल रही है जबकि जीएसटी के आने के बाद यह छूट तो नहीं मिलेगी साथ ही कीमत ज्यादा देनी होगी। सिर्फ इतना ही नहीं, कैश डिस्काउंट के साथ ही एसेसरीज पर भी लंबा डिस्काउंट दिया जा रहा है। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में स्थिति एक कार कंपनी के सेल्समैन राणा ने कहा कि कंपनी के अधिकारियों ने मीटिंग कर ली है और ग्राहकों को ज्यादा लाभ देने का प्लान है
कई कंपनियों ने जीएसटी बेनिफिट्स को आनलाइन पोस्ट कर दिया है। इसमें सरकारी और कारपोरेट कर्मचारियों को भी खूब डिस्काउंट दिया जा रहा है। एक कार कंपनी तो पेट्रोल और डीजल कार पर 75 हजार रुपये तक के कैश बेनिफिट्स दे रही है। वहीं एक बड़ी कार पर करीब ढाई लाख रुपये के लाभ दिए जा रहे हैं। खूबी यह है कि यह सभी आफर 29 जून तक ही वैध है।