डेरा समर्थकों का उपद्रव पंचकूला के बाद अब पंजाब के कई हिस्सों में जारी है। देखिए कैसे एक रेलवे स्टेशन को आग के हवाले कर दिया गया।
डेरा सच्चा सौदा सिरसा मुखी को साध्वी यौन शोषण केस में दोषी करार दिए जाने पर भड़के डेरा प्रेमियों ने मलोट रेलवे स्टशेन पर पेट्रोल बम फेंक आग लगा दी। वहीं तोड़फोड़ भी कर दी। इस आगजनी में स्टेशन मास्टर के दफ्तर के कमरे का दरवाजा और पर्दे जल गए। वहीं टिकट काउंटर पर तोड़फोड़ से मॉनिटर, प्रिंटर व अन्य सामान चकनाचूर हो गया।
यही नहीं उपद्रवियों ने स्टेशन के मेन एंट्री गेट के साथ भी तोड़फोड़ कर दी। यह सब इतना जल्दी हुआ कि स्टेशन पर तैनात सीआरपीएफ पुलिस भी कुछ नहीं कर सकी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मलोट रेलवे स्टेशन पर 2.50 बजे फाजिल्का-बठिंडा ट्रेन का समय हो रखा था।
स्टेशन मास्टर ओम हरि की ओर से ट्रेन को रवाना कर जैसे ही अपना चार्ज दूसरे स्टेशन मास्टर पीके जैन को दिया जा रहा था इतने में स्टेशन पर करीब पांच-छह डेरा प्रेमी आए। स्टेशन मास्टर के कमरे के मुख्य दरवाजे पर पेट्रोल बम फेंक गए। इससे दरवाजे और पर्दे पर आग लग गई।
मौके पर दो-तीन सीआरपीएफ पुलिस कर्मी तैनात थे, जबकि अन्य स्टेशन के बाहर ड्यूटी पर थे। मगर सब कुछ इतना जल्दी हुआ कि वे भी कुछ नहीं कर सके। भड़के प्रेमियों ने टिकट काउंटर पर भी पेट्रोल बम फेंका और तोड़फोड़ भी की। टिकट काउंटर पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी भूषण ने जैसे-तैसे अपना बचाव किया, मगर उपद्रवी मॉनिटर, प्रिंटर व अन्य सामान को तोड़ गए।