‘कॉफी यहां मिलती है मिलते नहीं पैमाने, पैमाने छलकते नहीं यहां पर, बनते हैं यहां अफसाने’। इन पंक्तियों से टैगोर थिएटर में आयोजित चंडीगढ़ थिएटर फेस्टिवल के पहले दिन चर्चित बॉलीवुड और रंगमच कलाकार राकेश बेदी लिखित और निर्देशित ‘शिमला कॉफी हाउस’ नाटक में इसका सार बताने का प्रयास किया गया। एसएम जहीर, राकेश बेदी और आसिफ शेख जैसे मंझे हुए कलाकारों के अभिनय से सजे नाटक को देखने के लिए पूरी सिटी से लोग आए।
'कॉफी' के लिए रंगमंच पर उतरे 3 दमदार कलाकार, दर्शक मंत्रमुग्ध
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नाटक शिमला की वादियों में एक कॉफी हाउस में आने वाले एक लेखक के नॉवेल पर उनकी एक कस्टमर/फैन के बीच होने वाली चर्चा पर आधारित था। इसमें कहीं-कहीं द्विअर्थी शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया। वहीं राकेश बेदी ने इसमें हास्य का पुट डाला। डिपार्टमेंट ऑफ कल्चरल अफेयर और टैगोर थिएटर सोसाइटी की ओर से आयोजित चंडीगढ़ थिएटर फेस्टिवल के पहले दिन मुंबई के इंडियन पीपुल्स थिएटर एसोसिएशन (इपटा) के कलाकारों ने ‘शिमला कॉफी हाउस’ का मंचन किया।
नाटक शिमला के एक कॉफी हाउस पर आधारित था। यहां संगीत और वादियों के नजारे के बीच लोग अच्छा समय व्यतीत करने आते हैं। यहां के वेटर का किरदार निभाया है राकेश बेदी ने। उनके पात्र का नाम था सतीश कुमार पंडित। कॉफी हाउस में एक लेखक अनूप चंदर (एसएम जहीर) रोजाना अपना नॉवेल लिखने आता है। वह एक चर्चित नॉवेल ‘तेरा छल’ की सीरीज लिख रहे हैं। इस दौरान एक वेटर और एक लेखक के बीच के संवाद को दोनों कलाकारों ने बखूबी निभाया। दोनों के बीच शेयरों शायरी का भी दौर चला और हास्य संवाद भी। इसी दौरान नाटक के तीसरे मुख्य कलाकार राहुल वर्मा (आसिफ शेख) की एंट्री होती है। आसिफ की एंट्री पर दर्शकों ने उनका तालियों से स्वागत किया।
इसके बाद नाटक में कुछ देर हास्य का पुट रहा, लेकिन लेखक और उनके फैन राहुल वर्मा के बीच शुरू हुए लंबे संवाद ने इसे बोझिल बना दिया। हालांकि बीच-बीच में राकेश बेदी की एंट्री और उनके हास्य संवाद ने जरूर मन बहलाया। लेकिन लेखक और उनके फैन के बीच उनके नावेल को लेकर छिड़ी बहस बहुत लंबी खिंच गई।
100 से 200 रुपये टिकट, फिर भी फुल रहा हाउस: डिपार्टमेंट ऑफ कल्चरल अफेयर और टैगोर थिएटर सोसाइटी की ओर से इस बार चंडीगढ़ थिएटर फेस्टिवल में टिकट सिस्टम शुरू किया गया है। इसके 100 और 200 रुपये के टिकट होने के बावजूद शो हाउस फुल रहा। पेड सिस्टम होने के बावजूद इसे लोगों का अच्छा रिस्पांस मिला।
ये हस्तियां रहीं मौजूद: थिएटर फेस्टिवल का शुभारंभ एडवाइजर परिमल राय ने किया। इस दौरान चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन मनिंदर सिंह, कल्चरल डिपार्टमेंट के डायरेक्टर जितेंद्र यादव, स्पेशल सेक्रेटरी फाइनेंस भावना गर्ग आदि मौजूद रहे।
आज होगा ‘मसाज’ का मंचन: थिएटर फेस्टिवल के दूसरे दिन राकेश बेदी के नाटक ‘मसाज’ का मंचन होगा। इसमें राकेश बेदी सोलो परफॉर्म करेंगे। दो घंटे के प्ले में राकेश 22 विभिन्न पात्रों का किरदार निभाएंगे। इस नाटक के भी 75 फीसदी तक टिकट बिक चुके हैं।