मोहब्बत में फेल हो गया तो सिरफिरे आशिक ने ऐसा कदम उठा लिया कि पुलिस सन्न रह गई। मां बाप भी यकीं नहीं कर पा रहे कि बेटा ऐसा कर सकता है।
घटना राजपुरा बाईपास के नजदीक दर्शन नगर कॉलोनी की है। प्यार में हुई रुसवाई और प्रेमिका के परिजनों द्वारा की गई पिटाई का बदला लेने के लिए इंजीनियरिंग का छात्र बम बना रहा था। जब पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो घर पर छापा मारने पहुंची।
पुलिस को देख युवक ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक पुलिस कर्मी घायल हो गया। इसके बाद छात्र ने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में ले लिया। साथ ही युवक के पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
जानकारी के मुताबिक, चंडीगढ़ में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा रजतदीप युवती से एकतरफा प्यार करता था। वह उसका पीछा तक किया करता था। इससे परेशान युवती ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने युवक को दबोच कर जमकर उसकी पिटाई कर दी।
पिटाई से रजतदीप इतना क्षुब्ध हुआ कि उसने बदला लेने की ठान ली। इसके लिए उसने लड़की के परिजनों को उड़ाने के लिए बम बनाना शुरू किया। बताया जा रहा है कि उसने कई बम बनाकर उनका ट्रायल लिया। पंजाबी यूनिवर्सिटी के पीछे खाली मैदान में कई बार बम विस्फोट किया।