अगर आप नई गाड़ी चाहे वो बाइक हो या कार, खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो पहले ज़रा इधर ध्यान दीजिये। ये खबर आपके बहुत काम की है...
दरअसल, लोगों को अब वाहन खरीदने पर आरसी बनवाने के लिए डीटीओ दफ्तर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बल्कि वे अब कहीं बैठकर आरसी के लिए आवेदन कर पाएंगे।
हालांकि, फिलहाल ये स्कीम पंजाब के मोहाली जिले में शुरु की गई है। स्टेट ट्रांसपोर्ट अथारिटी ने में ऑनलाइन आरसी बनाने की सुविधा को पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरू किया है। इसे प्वाइंट जीरो स्कीम का नाम दिया गया है।
इस स्कीम में लोग अपनी गाड़ी का टैक्स घर बैठे ही नेट बैकिंग के माध्यम से भर पाएंगे। स्टेट कमिश्नर बलविंदर सिंह धालीवाल ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दिसंबर के अंत तक यह स्कीम पूरे जिले में लागू कर दी जाएगी। इससे लोगों को काफी फायदा होगा। उनके समय की काफी बचत होगी।
वहीं, विभाग की उम्मीद है कि ऐसा करने वाला पंजाब देश का पहला राज्य बन जाएगा। इसके अलावा विभाग की तरफ से अन्य कदम उठाए जा रहे हैं। स्टेट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर धालीवाल ने बताया कि पहले पंजाब में केवल मुक्तसर जिले के गांव महुआणा में ही एक हैवी ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक था। जबकि पंजाब सरकार अब तीन अन्य जगहों में ट्रैक बनाने की तैयारी में है। इनमें मलेरकोटला, बटाला व कपूरथला शामिल हैं।