एक बेजुबान जानवर को रस्सी से बांधकर उसे सरेआम गोलियां मारी गईं। पास खड़े लोग बोलते रहे, एक और गोली मारो...
पीपल फार एनीमल की चेयरपर्सन मेनका गांधी ने पंजाब के बरनाला के कस्बा बडवर में एक कुत्ते को गोली मारने के आरोप में बरनाला के थाना धनौला के दो आरोपियों पर मामला दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार यह कुत्ता पागल हो गया था और लोगों को काट रहा था।
थाना धनौला के प्रभारी मलकीत सिंह चीमा ने बताया कि जिले के गांव बडवर के रहने वाले सतवीर सिंह पुत्र चरणजीत सिंह ने एक पालतू कुत्ता घर की रखवाली के लिए रखा हुआ था। जो कई दिनों से बच्चों व पशुओं का काट रहा था।
जिस कारण मालिक को शक हो गया कि कुत्ता पागल हो गया है। इसलिए सतवीर सिंह ने अपने पड़ोसी पूर्व सैनिक जीत सिंह को अपनी राइफल से उसे गोली मारने के लिए कहा। जीत सिंह ने लाइसेंसी राइफल से कुत्ते को गोली मार दी। जिससे पागल कुत्ते की मौत हो गई।
जिसकी किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी। वीडियो वायरल होने के बाद गांव बडवर से वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष सोनू महेश्वरी ने इसकी शिकायत पीपल फार एनीमल की चेयरपर्सन मेनका गांधी को की और साथ में वीडियो भेज दी।