आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में बबीता फोगाट की बाउट से पहले पिता महावीर फोगाट के साथ ऐसी हरकत हो गई कि उनकी बेटियां हैरान रह गईं।
आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में 21वें राष्ट्रमंडल खेल चल रहे हैं। वीरवार को भारतीय पहलवान बबीता फोगाट की फाइनल बाउट थी। पिता महावीर फोगाट बेटी की बाउट देखने के लिए पहुंचे थे, लेकिन बाउट से ठीक पहले उनके साथ मूवी 'दंगल' वाला सीन दोहरा दिया गया। और महावीर फोगाट मैच नहीं देख पाए, मुकाबला खत्म होने के बाद ही वे बेटी से मिल पाए।
हुआ ये कि महावीर फोगाट बेटी पहली बार बेटी का मैच देखने गोल्ड कोस्ट पहुंचे, लेकिन उन्हें स्टेडियम में एंट्री का टिकट ही नहीं मिला। बबीता पिता के लिए एक दिन पहले से टिकट मांग रही थीं, लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिली। नतीजा यह रहा कि महावीर फोगाट दिनभर टिकट के इंतजार में स्टेडियम के बाहर खड़े रहे। बबीता ने ऑस्ट्रेलियाई एथलीटों से मदद मांगी और उनके पिता को मुकाबले के बाद एंट्री मिल पाई।
वहीं इस बर्ताव से फोगाट बहनें बेहद दुखी हैं। बबीता फोगाट ने भी दुख जताते हुए कहा कि मेरे पिता पहली बार मेरा मुकाबला देखने के लिये आये थे, लेकिन मुझे दुख है कि मौके पर मौजूद होने के बावजूद वह टिकट हासिल नहीं कर पाए। एक खिलाड़ी दो टिकट का हकदार होता है लेकिन हमें वे नहीं दिये गए। मैंने अपनी तरफ से बहुत कोशिश की, लेकिन उन्हें बाहर बैठना पड़ा। इस वजह से वे टीवी पर भी मुकाबला नहीं देख पाए।
इस मामले में गेम्स में भारतीय दल के मिशन प्रमुख विक्रम सिसोदिया ने कहा कि हमें कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन से टिकट मिले थे। वे टिकट हमने संबंधित खेलों के कोच तक पहुंचा दिए थे। हमने पांच टिकट रेसलिंग के मैच के लिए उनके कोच राजीव तोमर को दिए थे। हमें नहीं पता कि बबीता फोगाट और उनके पिता महावीर फोगाट को टिकट क्यों नहीं मिला। हो सकता है कि वे ज्यादा टिकट मांग रही हों।