इस साल रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस एक ही दिन है। ऐसे में रेल यात्रा करने वालों की तादात भी बढ़ेगी। इस दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसकी वजह ये है कि 15 से 25 अगस्त के बीच 72 ट्रेनें रद्द रहेंगी। ऐसे में कौन सी ट्रेन और किस रूट पर प्रभावित रहेंगी आइए डालते हैं एक नजर...
रेलगाड़ी का सफर करने वाले यात्रियों को आने वाले दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर जंक्शन पर यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य चल रहा है। इसके चलते 15 से 25 अगस्त के बीच कुल 72 ट्रेन रद्द रहेंगी। इसमें हरियाणा के रेवाड़ी जंक्शन पर रुकने वाली पैसेंजर और एक्सप्रेस समेत 21 रेलगाड़ी भी शामिल हैं।
रेवाड़ी जंक्शन से मुंबई, गुजरात, जयपुर, चंडीगढ़ सहित अन्य मार्गों के लिए दिन भर में 150 से अधिक रेलगाड़ी गुजरती हैं। इनमें से अधिकतर रेलगाड़ी का ठहराव जंक्शन पर है। ऐसे में 15 से 25 अगस्त के बीच रेलगाड़ी रद्द रहने से यहां से सवार होने वाली यात्रियों को परेशानी होना निश्चित हैं। बता दें कि इस जंक्शन से हर रोज करीब 70 हजार यात्री गुजरते हैं।
नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रद्द रहेंगी ट्रेन : पीआरओ
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अभय शर्मा के अनुसार रेलवे प्रशासन की ओर से जयपुर स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते रेलगाड़ियों का संचालन रद्द, आंशिक रद्द व डायवर्ट किया जा रहा है। जयपुर यार्ड पर प्री नॉन इंटरलॉकिंग कार्य 14 अगस्त तक होना है।
15 से 25 अगस्त तक 11 दिन एवं पोस्ट नॉन इंटरलॉकिंग कार्य 26 अगस्त से 3 सितंबर तक किया जाना है। रद्द की जाने वाली ट्रेनों में नियमित एक्सप्रेस ट्रेन, पैसेंजर और हॉली डे स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं। प्री नॉन इंटरलॉकिंग कार्य 1 जुलाई से 14 अगस्त तक होना है।