टीम इंडिया को पहला वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान कपिल देव का आज जन्मदिन है। आइए आपको बताते है, इनकी लाइफ से जुड़ा एक बड़ा राज।
आपको जानकर हैरानी होगी कि कपिल देव ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को ड्रेसिंग रूम से डांटकर भगाया था। कपिल और दाऊद इब्राहिम के बीच हुए इस वाकये को 'शारजाह में ड्रेसिंग रूम कांड' का नाम भी दिया गया। बात 1987 में शारजाह में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए ऑस्ट्रेलेशिया कप की है। उस दौरान मैच से पहले कपिल देव ने दाऊद इब्राहिम को ड्रेसिंग रूम से डांटकर भगाया था।
कपिल देव का जन्म 6 जनवरी 1959 को चंडीगढ़ में हुआ था। कपिल अपना 58वां जन्मदिन मना रहे हैं। अपने 16 साल के करियर में कपिल देव ने 134 टेस्ट मैचों में 434 विकेट लिए। इसके अलावा उन्होंने 8 सेंचुरी के साथ 5248 रन बनाए। कपिल टीम इंडिया के सबसे सफल ऑलराउंडर माने जाते हैं। उनकी ही कप्तानी में टीम इंडिया ने 1983 का वर्ल्ड कप खिताब जीता था।
कपिल देव ने रोमी से शादी की थी। उनकी रोमी से मुलाकात एक फ्रेंड के जरिए हुई थी। वे रोमी को एक साल तक प्रपोज नहीं कर पाए थे। बाद में दोस्तों के साथ एक ट्रिप पर कपिल ने रोमी को प्रपोज किया। इस बारे में रोमी बताती हैं कि कपिल तब बहुत शर्मीले थे। उनका आत्मविश्वास जैसा आज है, वैसा उस समय नहीं था। फिर भी उन्होंने प्रपोज किया और हमने 1980 में शादी कर ली।
कपिल देव के बारे में उनके पूर्व जोड़ीदार बलविंदर सिंह संधू बताते हैं कि 19 साल के कपिल 145 की रफ्तार से गेंदबाजी किया करते थे। लंबे समय तक वो भारत के इकलौते स्ट्राइक गेंदबाज रहे। लंबे स्पेल करने में उन्हें महारत हासिल थी। फैसलाबाद टेस्ट में कपिल ने अपने टेस्ट करियर का पहला विकेट सादिक मोहम्मद के रूप में लिया, जिन्हें उन्होंने अपनी ट्रेडमार्क आउटस्विंग गेंद पर आउट किया था।