इंडियन आर्मी और एयरफोर्स के बाद बीएसएफ ने एक बड़ा फैसला लिया और फरमान जारी कर दिया, जिससे जानकर अफसर और जवान चौंक गए। सभी यूनिटों में इस नए फैसले के पालन हेतु निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
दरअसल, बीएसएफ की यूनिटों और चौकियों में अब पॉलिथीन ले जाने पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया गया है। कोई भी जवान और अफसर यूनिटों व चौकी में प्लास्टिक की थैली में सामान नहीं ले जा सकेगा। बीएसएफ की ओर से पॉलीथिन फ्री अभियान के तहत यह निर्णय लिया गया है। इसके प्रति जागरूक करने के लिए बीएसएफ की यूनिटों और चौकियों में बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं।
मुख्यद्वार के पास लगाए जा रहे इन सूचनात्मक बोर्डों पर लिखा जा रहा है कि ‘सभी बीएसएफ कंपनी में कोई भी जवान बाहर से कोई सामान प्लास्टिक थैली में नहीं लाएगा। परिसर को पूरी तरह पॉलीथिन फ्री बनाया जाएगा।’ यह आदेश आला अफसरों के निर्देशानुसार कंपनी कमांडेंट के हवाले से बोर्डों पर अंकित करवाएं जा रहे हैं। संबंधित आदेश बीएसएफ की सभी आउट पोस्ट के लिए भी जारी किए गए हैं।
बीएसएफ की सभी यूनिटों व चौकियों में मौजूद कैंटीनों में भी सब्जी, फल व अन्य सामान प्लास्टिक थैलियों में न लाने के भी आदेश दिए गए हैं। जवानों को सामान लाने व ले जाने के लिए जूट, कागज, कपड़े एवं डिस्पोजल थैलों का इस्तेमाल करने को कहा गया है। बीएसएफ के एक अफसर ने बताया कि ये निर्देश ‘पॉलीथिन फ्री बीएसएफ कैंपस’ अभियान के मद्देनजर दिए गए हैं।
आर्मी और एयरफोर्स अपनी यूनिटों व एरिया में पॉलिथीन पर पहले ही प्रतिबंध लगा चुकी है। सेना की ओर से तो सभी सैन्य छावनियों में पॉलीथिन इस्तेमाल पर बैन है। इस बाबत सैन्य क्षेत्रों में विभिन्न सड़कों पर बोर्ड भी लगाए जा चुके हैं। सेना व एयरफोर्स की कैंटीनें भी पॉलीथिन मुक्त हैं। अब बीएसएफ ने भी अपने परिसर को पॉलिथीन से पूरी तरह मुक्त करने की पहल कर दी है।