'गूगल ब्वॉय' के लाखों चाहने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। दरअसल, कौटिल्य पंडित आजकल एक अनोखा और चौंकाने वाला काम कर रहे हैं। विश्व प्रसिद्ध गूगल ब्वॉय कौटिल्य पंडित अब स्पेस ब्वॉय बनने जा रहा है, क्योंकि वे इन दिनों इसरो के दौरे पर हैं।
अंतरिक्ष के प्रति गहन रुचि रहते हुए गूगल ब्वॉय ने ब्रह्मांड के अनेक खगोल पिंडो के बारे में काफी जानकारी अर्जित कर ली है। इसके साथ ही आकाश गंगाएं उनके समूह, बिग बैंग, बिग क्रंच, डार्क मैटर दूसरे जीवित ग्रहों की संभावनाएं, तारों का जन्म-मृत्यु आदि के बारे में काफी अध्ययन कर चुका है। इसी के चलते गूगल ब्वॉय ने बेंगलूरू स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का दौरा किया।
इसरो पहुंचने पर वहां के डायरेक्टर एम अन्नादुरै ने अपने कार्यालय में कौटिल्य को इसरो की उपलब्धियों एवं मंगलयान का मॉडल उपहार के तौर पर दिया। इतनी छोटी उम्र में अंतरिक्ष के बारे में इतना ज्ञान रखने पर उन्होंने हैरानी के साथ-साथ खुशी व्यक्त कीं। इसके बाद इसरो की लैबोरेट्री जहां वैज्ञानिक नए उपग्रह तैयार कर रहे थे उसका दौरा किया एवं वहां की कार्यप्रणाली व चन्द्रयान 2 के साथ अन्य भावी कार्यक्रमों की जानकारी ली।
इसके बाद कौटिल्य की मुलाकात इसरो के सेमिनार हाल में 20-25 युवा वैज्ञानिकों से कराई गई, जहां पर अनेक सवाल कौटिल्य से पूछे गए जिसमें से अधिकांश का उत्तर कौटिल्य ने ठीक दिया। इसके बाद वैज्ञानिकों ने ब्रह्मांड से जुड़ी अनेक रोचक जानकारियों एवं तथ्यों से कौटिल्य को अवगत कराया।
कौटिल्य फिर जाएगा इसरो
इसरो के दौरे के बाद कौटिल्य ने केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार एवं जितेंद्र मरडिया का धन्यवाद किया। इस दौरान मंत्री अनंत कुमार ने कहा कि वह बीच में समय-समय पर कौटिल्य की इसरो में क्लासें लगवाएंगे, ताकि कौटिल्य अंतरिक्ष के बारे में अच्छे से जानकारी प्राप्त कर सके। कौटिल्य के पिता सतीश कुमार ने बताया कि स्पेस के बारे में जानकारी के लिए दोबारा से कौटिल्य इसरो जाएगा।