एक हादसे में दो भाई और उनकी पत्नियों की जान चली गई। वहीं चालक भी नहीं बचा। पांच लोगों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। हादसा पंजाब के पठानकोट नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह आठ बजे हुआ।
ऑल्टो कार और इनोवा की टक्कर में ऑल्टो सवार दो भाइयों, उनकी पत्नी और चालक की मौके पर मौत हो गई जबकि इनोवा सवार तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भोगपुर के गांव पचरंगा के पास गुरुवार सुबह टायर फटने से ऑल्टो कार बेकाबू हो गई और डिवाइडर को क्रॉस कर दूसरी साइड पर भोगपुर की तरफ जा रही इनोवा से जा टकराई।
इस हादसे में आल्टो कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान देवराज (62) पुत्र साईं दास, उनकी पत्नी लाजवंती (58), भाई दर्शन कुमार (54), दर्शन कुमार की पत्नी राजकुमारी (50) और ड्राइवर सुशील कुमार (35) पुत्र रमेश कुमार निवासी गांव चकरोई, आरएस पुरा (जम्मू) के रूप में हुई। मृतक गांव के सरपंच परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
भोगपुर के थाना प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने बताया कि जम्मू के रहने वाले देवराज सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी थे। उनकी और उनके भाई दर्शन कुमार की एक ही परिवार में शादी हुई थी। वे अपने मामा ससुर के बेटे के चौथे में हिस्सा लेने के लिए जालंधर आ रहे थे। घटना की जानकारी जम्मू उनके परिवार तक पहुंचाई तो वहां से रिश्तेदार जालंधर आकर उनके शवों का पोस्टमार्टम करवाकर जम्मू ले गए।
पुलिस के मुताबिक, इनोवा कार में तीन लोग सवार थे, जिसमें सवार सतपाल सिंह और उनकी बेटी कनाडा से गुरुवार सुबह ही जालंधर पहुंचे थे और इंडो कैनेडियन बस कार्यालय से गांव घोड़ावाही का मनिंदरदीप सिंह उनको लेकर गांव ला रहा था। एसपी रविंदरपाल सिंह का कहना है कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इनोवा चालक गांव घोड़ावाही की तरफ जा रहा था तभी दूसरी तरफ से जालंधर आ रही ऑल्टो कार बेकाबू होकर उनके आगे आ गई। पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।