अपने पहनावे को लेकर खास चर्चा में रहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्टाइल के कई लोग मुरीद हैं। अब इनमें एक नाम और जुड़ गया है जो उनके ड्रेस में कुछ ओर बदलाव करने के इच्छुक हैं।
ये नाम है है बॉलीवुड के मशहूर ड्रेस डिजाइनर एश्ले रिबेलो का। सोमवार को आईएनआईएफडी के कार्यक्रम में चंडीगढ़ पहुंचे एश्ले ने अमर उजाला से खास बातचीत में यह खुुलासा किया।
एश्ले ने पीएम मोदी के स्टाइल में थोड़ा सा बॉलीवुड का तड़का लगाने की ख्वाहिश जताई है। सलमान खान, सोनाक्षी सिन्हा और जैकलीन फर्नांडिज बॉलीवुड स्टार के ड्रेस डिजाइन करने वाले एश्ले रिबेलो को पीएम का ड्रेसिंग स्टाइल लाजवाब लगता है पर एश्ले इसमें चार चांद लगाना चाहते हैं।
उनका कहना है कि रैलियों के दौरान पीएम को तरोताजा रहने के लिए परिधानों के अलग-अलग रंगों का चयन करना चाहिए। एश्ले ने बताया कि पीएम मोदी की जैकेट्स शानदार हैं। उन्हें जैकेट में लाइट कलर का अधिक उपयोग करना चाहिए। इससे उनका व्यक्तित्व अधिक प्रभावी नजर आएगा।
एश्ले के मुताबिक पीएम के लिए आकर्षक कलर में मिंट और लाइट पर्पल ज्यादा बेहतर हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी या अन्य बड़े समारोह में पीएम को बंद गले का सूट पहनना चाहिए, वो उन पर फबेगा। एश्ले बताते हैं कि ‘मोदी कुर्ता’ की दुनियाभर में चर्चा है।