राजस्थान से अगवा कर 300 किलोमीटर दूर हरियाणा की सुनसान बणी में बोलेरो में दो युवकों की जिंदा जलने की घटना सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सनसनी फैल गई। परिवार के सदस्यों को सोशल मीडिया पर अपनी बोलेरो जलने की घटना से ही जानकारी मिल पाई। इसके बाद मृतकों के परिवार में मातम छा गया। लोहारू कस्बे के गांव बारवास की बणी में गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने जली हुई बोलेरो के अंदर दो जले हुए नरकंकाल देखे तो हर किसी का दिल दहल उठा। बोलेरो की पिछली सीट पर दो शव इस तरह झुलस चुके थे कि उनका सिर्फ हड्डियां ही बची थी।
Double murder: राजस्थान से अपहरण... 300 किमी दूर हरियाणा में हत्या, घरवालों ने जली बोलेरो देखी तो खुला राज
गाड़ी की पहचान भी चेसिस नंबर से हुई तो मामला राजस्थान के भरतपुर जिले के गोपालगढ़ थाना क्षेत्र के गांव घाटमिका से जुड़ा मिला, जहां के दो युवक जुनैद और नासिर का एक दिन पहले ही सुबह छह बजे उनकी गाड़ी सहित अपहरण हो गया था। अपहरण की जगह से 300 किलोमीटर दूर जली हुई हालत में दोनों के शव का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो परिजनों उनके यहां जलाकर हत्या किए जाने का पता लगा। दिनभर लोहारू पुलिस जली हुई गाड़ी में मिले दो कंकालों की जांच में जुटी रही। गुरुवार शाम को गोपालगढ़ पुलिस थाने की टीम भी परिजनों के साथ लोहारू पहुंची। इसके बाद मृतकों की शिनाख्त की पुष्टि हुई।
राजस्थान के भरतपुर जिले के गोपालगढ़ पुलिस थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार इस्माइल ने पुलिस को बताया था कि उसके दो चचेरे भाई जुनैद और नासिर अपनी बोलेरो में सवार होकर मंगलवार को अपनी ससुराल भोरूवास सीकरी गए थे। उनका चचेरा भाई की वहां शादी हुई थी। रात को वहां ठहर गए और बुधवार सुबह गाड़ी से लौट रहे थे। इसी दौरान फिरोजपुर झिरका में उसे सूचना मिली कि आठ से दस लोगों ने उसके दो भाइयों को पीरुका के जंगल में ले जाकर मारपीट की और फिर उनकी ही गाड़ी में उनका अपहरण कर ले गए। इस शिकायत पर गोपालगढ़ की पुलिस ने मामले में आठ से दस लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया और मामले की जांच में जुट गई। गुरुवार सुबह लोहारू थाना पुलिस को बारवास की बणी में एक जली हुई बोलेरो और उसमें मिले दो लोगों के कंकाल की जानकारी हरियाणा पुलिस ने साथ लगते सीमावर्ती राज्यों की पुलिस थानों में भी भेज दी।
देखते ही देखते मामले के तार जुड़ते चले गए और गोपालगढ़ पुलिस को मामले की भनक लगते ही लोहारू पुलिस से संपर्क साधा और गुरुवार शाम को गोपालगढ़ थाना की पुलिस लोहारू पहुंच गई। लोहारू पहुंचे राजस्थान के गोपालगढ़ थाने के एसएचओ रामनरेश ने पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों मृतक घाटमिका गांव के जुनैद और नासिर हैं। बुधवार को इनके अपहरण का मामला भी पुलिस ने दर्ज किया था। मृतकों के परिजन ने बताया कि उनके दो भाइयों का बुधवार को अपहरण हुआ था। उन्होंने जब सोशल मीडिया पर जानकारी खंगाली तो उन्हें भिवानी जिले के लोहारू में एक बोलेरो और उसमें दो कंकाल होने की सूचना मिली। जब गाड़ी के चेसिस नंबर गोपालगढ़ पुलिस के समक्ष आए तो उन्हें गाड़ी की पहचान की पुष्टि हो गई।
परिजन बोले - दोनों को उन्हीं की गाड़ी में अपहरण के बाद जिंदा जलाया
मृतकों के चचेरे भाई इस्माइल ने आरोप लगाया कि बजरंग दल के सदस्यों का यहां आतंक है। उनके भाइयों को फिरोजपुर झिरका सीआईए और बजरंग दल सदस्यों ने अपहरण कर अधमरा कर दिया और फिर उन्हें भिवानी के लोहारू कस्बे की बारवास गांव की बणी में ले जाकर जिंदा ही गाड़ी में जला डाला। अंदेशा यह भी है कि गाड़ी को पेट्रोल छिड़ककर जलाया गया, ताकि गाड़ी के अंदर दोनों झुलसकर खत्म हो जाए और उनके शवों का भी किसी को कुछ पता न चले। यानि हत्या के बाद शवों को भी खुर्द-बुर्द किए जाने की कोशिश की गई।