पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस की जांच में नए खुलासे हो रहे हैं। मुख्य साजिशकर्ता गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने पूछताछ में जांच अधिकारियों को बताया कि सिद्धू मूसेवाला अपने गीतों के जरिये उन्हें उकसाता था। यही नहीं मूसेवाला के गीतों में बंबीहा गैंग की तारीफ की जाती थी, जबकि बाकी गैंगस्टरों को हथियार दिखाते हुए मूसेवाला ताल ठोकता था।
Sidhu Moosewala: सामने आई मूसेवाला की हत्या की नई वजह... इस कारण गायक से चिढ़ता था गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई
बिश्नोई ने पूछताछ में कहा कि अपना दबदबा बनाए रखने के लिए उन्होंने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की। पूछताछ में लॉरेंस बिश्नोई ने इस बात से भी इन्कार किया है कि उसने किसी दूसरे गुट को सिद्धू मूसेवाला की हत्या के लिए सुपारी दी थी। गौरतलब है कि जांच एजेंसियों के सामने अब तक यह बात आ रही थी कि तिहाड़ जेल में रहते हुए लॉरेंस ने उसी जेल में बंद दिल्ली के गैंगस्टर हाशिम को सिद्धू मूसेवाला की हत्या की सुपारी दी थी लेकिन काम न होने पर लॉरेंस ने आखिर यह जिम्मेदारी कनाडा में छिपे अपने साथी गोल्डी बराड़ को सौंपी दी।
दूसरी ओर लॉरेंस की ओर से हत्या का नया कारण बताए जाने से जांच अधिकारियों को यह लगने लगा है कि लॉरेंस गुमराह करने की कोशिश कर रहा है, क्योंकि प्रारंभिक पूछताछ में लॉरेंस ने माना था कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर उसने विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या का बदला लिया है लेकिन अब उसका का कहना है कि उसकी सिद्धू मूसेवाला से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी, बल्कि मूसेवाला द्वारा गाए गीतों से ऐसा आभास होता था कि वह गीतों के जरिये उसे चुनौती दे रहा है। लॉरेंस को यह भी लगता था कि मूसेवाला अपने गीतों में गैंगस्टर दविंदर बंबीहा और उसके गैंग की तारीफ करता है।
पंजाब पुलिस को मिला अंकित सेरसा और सचिन चौधरी का ट्रांजिट रिमांड
उधर, दिल्ली पुलिस की ओर से सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पकड़े गए शूटरों अंकित सेरसा और सचिन चौधरी का पंजाब पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल कर लिया है और अब इन्हें मानसा लाकर पूछताछ की जाएगी। इन दोनों शूटरों पर आरोप है कि अन्य शूटरों के साथ 29 मई को सिद्धू मूसेवाला पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं। गुरुवार को दिल्ली पहुंची पंजाब पुलिस की टीम ने स्थानीय अदालत में याचिका देकर सेरसा और चौधरी को हिरासत में लेने के लिए अपील की, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।
पंजाब पुलिस ने तब दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल से दोनों शूटरों को अपनी हिरासत में लेकर अदालत से दोनों को पंजाब ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड मांगा, जिसकी मंजूरी मिलने के बाद पंजाब पुलिस की टीम दोनों को लेकर पंजाब लौट रही है। ट्रांजिट रिमांड के लिए पंजाब पुलिस ने अदालत को बताया कि दोनों शूटर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल थे और इनसे पूछताछ जरूरी है। साथ ही पंजाब पुलिस ने इन दोनों की सुरक्षा का भरोसा देते हुए अदालत को बताया कि दोनों को ले जाने के लिए 36 हथियारबंद पुलिस जवानों की टीम के साथ कुछ वाहनों का काफिला तैयार किया गया है और रास्ते की वीडियोग्राफी भी की जाएगी।