सरकारी नौकरी की ख्वाहिश रखने वालों के लिए सावधान करने वाली खबर है। खबर को इग्नोर करना भारी पड़ सकता है। सरकारी नौकरी के नाम पर कई लोग मुश्किल में फंस चुके हैं। आइए जानते हैं क्या है मामला...
घटना पंजाब के बटाला की है। यहां सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लाख 40 हजार रुपये की ठगी मारने के मामले में आरोपी गुरदीप सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में नामजद उसके दोनों बेटे बिल्ला औैर निर्मलजीत अभी फरार हैं। थाना सिटी के एएसआई हरजीत सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी के मामले में नामजद फरार चल रहे आरोपी गुरदीप सिंह निवासी कोटली भान सिंह को बुधवार देर शाम बटाला के सुखा सिंह मेहताब सिंह चौक से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को वीरवार को बटाला की कोर्ट में पेश किया गया है जहां से कोर्ट ने पुलिस को एक दिन का रिमांड दिया है। एएसआई ने बताया कि थाना सिटी में 27 जून को गुरदीप सिंह, उसके बेटों बिल्ला और निर्मल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
गांव दकोहा के सतनाम सिंह ने सिटी पुलिस को शिकायत दी थी कि गुरदीप सिंह निवासी कोटली भान सिंह ने उसे बताया कि वह और उसका बेटा सरकारी नौकरी करता है। गुरदीप ने उसके बेटे को सरकारी नौकरी दिलवाने के लिए तीन लाख रुपये मांगे। दोनों के बीच सौदा तीन लाख में तय हो गया। पहली बार उसने गुरदीप सिंह को 50 हजार रुपये दिये।
इसके बाद 40 हजार और इसके बाद किश्तों में डेढ़ लाख रुपये दिए। गुरदीप सिंह का बेटा बिल्ला उसके बेटे को चंडीगढ़ ले गया और वहां उसका टेस्ट भी दिलवाया। इसके बाद भी न तो उसके बेटे को नौकरी दिलवाई और न ही उनके पैसे वापस किए। जब पैसे वापस करने की मांग की तो गुरदीप सिंह उसको धमकाने लगा।