चंडीगढ़ कांग्रेस ने रविवार को शहर की सड़कों की खराब हालत को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेक्टर- 7 बी में अनूठा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं का प्रदर्शन नगर निगम के खिलाफ था। इस दौरान नेताओं ने सड़कों के गड्ढों में कमल का फूल लगा भाजपा पर तंज कसा।
चंडीगढ़ में अनोखा प्रदर्शन : सड़कों पर गड्ढे और गड्ढों में खिले कमल के फूल, जानें- क्या है पूरा मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदर्शन का नेतृत्व चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चावला और चंडीगढ़ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व डिप्टी मेयर एचएस लक्की ने किया। प्रदर्शन का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इश शर्मा और युवा कांग्रेस नेता करनबीर सिंह ने किया। मुख्य प्रवक्ता एचएस लक्की ने बताया कि प्रदर्शन सेक्टर- 7 के सीआरबी स्कूल के सामने की सड़क पर किया गया। यहां की पूरी सड़क टूटी है। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के गड्ढों में भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल के फूल को रोपा और सड़कों की दुर्दशा के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेस के नेताओं ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क किनारे बैठे नेताओं के पीछे लगे बैनर पर लिखा है कि 'सड़कों में गड्ढे, गड्ढे में धूल, हमारी भूल कमल का फूल।' चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने कहा कि भाजपा नगर निगम में शासन करने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। आज शहर का हर आम जन मानस तंग आ चुका है। शहर में बुनियादी सुविधाओं का बुरा हाल है। दूसरी ओर रोज नए टैक्स लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रहेगी। इसके लिए आने वाले दिनों में और अधिक प्रदर्शन किए जाएंगे।
एचएस लक्की ने कहा कि शहर की सड़कों का बुरा हाल है। यह समझ नहीं आता कि सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है। सेक्टर- 7 शहर के पॉश इलाके में आता है। सांसद, सलाहकार, डीसी जैसे बड़े अफसर यहीं पर रहते हैं। फिर भी सड़कों का ये हाल है तो चंडीगढ नगर निगम का भगवान ही मालिक है। उन्होंने कहा कि शहर के लोग अब इन हालातों से तंग आ चुके हैं। उनका सब्र का बांध टूट चुका है। हर सेक्टर में टूटी सड़कें और बदहाल पार्क नजर आएंगे। ऐसे हालात देखकर तो नगर निगम को भंग कर देना चाहिए।
ब्लॉक अध्यक्ष ईश शर्मा ने कहा कि इलाके के पार्षद महेशइंदर सिद्धू जो कि नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर भी हैं, उनके दर्शन दुर्लभ हैं। वे किसी भी समस्या को हल करने में विफल रहे हैं और इलाके का हाल बहुत बुरा है। युवा नेता करनबीर सिंह ने कहा कि भाजपा के राज में आम आदमी पूरी तरह से टूट गया है। एक तरफ महंगाई दूसरी तरफ बेरोजगारी ने लोगों की कमर तोड़ दी है। युवा पीढ़ी आज निराश हैं। प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देवेंद्र सिंह बबला, भूपिंदर बडहेरी, दर्शन जिंदल, गुरप्रीत गाबी, हरमेल केसरी, अजित कुमार गोलू, प्रदीप कुमार, गोविंद कुमार मौजूद रहे।