चंडीगढ़ में मानसून की पहली बरसात हुई। इस बरसात के बाद यूं लगा जैसे सड़कों पर समंदर उतर आया हो...
मानसून की दस्तक के 15 दिन बाद वीरवार को सावन की झड़ी लग गई। पांच घंटे तक लगातार बारिश हुई। करीब 11 साल बाद ऐसी बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक वीरवार को करीब 120.8 एमएम बारिश दर्ज की गई।
इससे पहले वर्ष 2006 में 26 जुलाई के दिन 142 एमएम बारिश रिकार्ड हुई थी। साल 2005 में भी 127.8 एमएम बारिश हुई थी। वीरवार की बारिश को मिलाकर चंडीगढ़ में एक जून से लेकर अब तक 294.8 एमएम बारिश हो चुकी है, जबकि 27 जुलाई तक 365.2 एमएम बारिश हो जानी चाहिए थी। करीब 20 फीसदी बारिश की अब भी कमी है।
वीरवार को हुई बारिश राहत के साथ आफत लेकर भी हुई। झमाझम बारिश के कारण ट्राइसिटी की अधिकतर सड़कों पर पानी भरने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित रही। जाम के कारण लोगों को काफी फजीहत हुई। जलजमाव के कारण वाहन रेंगते रहे। खासतौर पर दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को खासी परेशानी हुई।
सेक्टर-15 की ओर से निकलने वाले रंजीत सिंह ने बताया कि सुबह 8.40 से करीब 11 बजे तक सेक्टर-15 की ओर से पीजीआई चौक होकर नयागांव की सड़क पर जाम के कारण वाहन चालक आपस में उलझते रहे। इस दौरान तैनात पुलिसकर्मी चौक किनारे खड़े होकर वाहन चालकों को निर्देश देते नजर आए।