चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित लेजर वैली में शुक्रवार को चंडीगढ़ कार्निवल का आगाज हो गया। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित और उनके सलाहकार धर्मपाल ने शुक्रवार को इसका उद्घाटन किया। सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र युवाओं द्वारा बनाई गई फ्लोटिंग गाड़ियां रहीं। रिक्शे पर विशेष आकृति के साथ बनाई गई गाड़ियों पर युवा मस्ती करते दिखे। वहीं विलुप्त होती बीन की धुन पर युवाओं ने जमकर डांस किया। उद्घाटन के दौरान फ्लोटिंग गाड़ियों की रेस हुई जो लेजर वैली से मटका चौक तक निकाली गई। उसके बाद छोटे बच्चों ने हॉप ऑन हॉप ऑफ बस में सवारी करके कार्यक्रम का आनंद लिया। रात के समय पंजाबी गायक हरजीत हरमन के गीतों पर लोग जमकर नाचे।
तस्वीरों में चंडीगढ़ कार्निवल: रंगारंग आगाज हुआ, हरजीत हरमन के गीतों पर झूमे लोग, जुटे विंटेज कारों के शौकीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंगदान के स्टॉल पर उमड़ी युवाओं की भीड़, 40 ने ली अंगदान की शपथ
कार्निवाल कार्यक्रम में एक और अच्छी बात देखने को यह मिली कि यहां चंडीगढ़ पीजीआई के रोटो की ओर से लगाए गए स्टॉल पर पहले ही दिन काफी संख्या में लोग पहुंचे। लगभग 40 लोगों ने अपने अंगदान की शपथ ली, जिसमें ज्यादातर हिस्सा युवाओं का था। स्टॉल पर मौजूद लोगों ने बताया कि दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए युवा आगे आ रहे हैं इससे बेहतर क्या हो सकता है। इसके बाद एक नाटक के माध्यम से लोगों को अंगदान का भी महत्व भी बताया।
विदेशियों में पेंटिंग तो लोगों में स्कैच बनवाने का दिखा शौक
ललित कला अकादमी की ओर से लगी स्टॉल पर विदेशी छात्राएं भी पेटिंग बनाने में लगी थीं। लोग उनकी कलाकारी देखकर अपनी पेंटिंग बनवा रहे थे। दूसरी ओर स्कैच बनवाने के लिए भी लोगों की अच्छीखासी भीड़ लगी थी। बच्चों के लिए झूले तो बड़ों के लिए कुल्हड़ वाली चाय का आनंद ही निराला था। वहीं सेक्टर 42 की लेक पर 75 ढोल बजाकर एक साथ प्रदर्शन किया गया जो देखते ही बनता था। लेक पर अमित राजा बैंड की भी शानदार प्रस्तुति देखने को मिली। हालांकि इस दौरान वहां कई अव्यवस्था भी देखने को मिले।
चंडीगढ़ कार्निवल में लगी विंटेज कारों की प्रदर्शनी
विटेज कारों का आज भी लोगों को शौक है। चंडीगढ़ कार्निवल में इसका नमूना देखने को मिला। ट्राइसिटी से लोग अपनी विंटेज कारों को लेकर कार्निवल में पहुंचे। विंटेज एंड क्लासिक कार क्लब के सचिव बलजीत सिंह मनको ने बताया कि विंटेज गाड़ियां रखने का शौक महंगा है लेकिन यह हमारे जज्बातों को बयां करती है। जब सड़कों पर एक साथ विंटेज कार निकलती हैं तो लोग देखते हैं। इन कारों से हम सभी की पुरानी यादें बसी हैं। इन्हें लेकर हम कई जगह जाते हैं। रास्ते में कार बंद होती है लेकिन उसे बड़े प्यार से ठीक कर फिर सफर पर निकल पड़ते हैं। हमने अपने एसोसिएशन में उन्हीं लोगों को जगह दी है जिनके पास विंटेज कार है ताकि हर व्यक्ति को अपने अनुभव एसोसिएशन के साथ साझा करने का मौका मिल सके। सेक्टर-42 निवासी अतुल कपूर ने कहा कि बलजीत सिंह के साथ रहकर उन्हें भी गाड़ियों का शौक हो गया फिर एक दिन विंटेज कार खरीद ली।
जगतार सिंह बोले- एक बार गाड़ी को चालू करने में लगता हैं 1500 रुपये
विंटेज कार लेकर कार्निवल पहुंचे सेक्टर-52 निवासी जगतार सिंह ने कहा कि 25 साल पहले इस कार को खरीदा था। एचएमटी कंपनी के एक अधिकारी इस गाड़ी को ठीक करवाने आते थे। उन्होंने वर्ष 1957 में इस कार को खरीदा था। बाद में उन्होंने इसे बेचने की इच्छा जताई तो इसे खरीद लिया। गाड़ी के पार्ट्स अब भी मिल जाते हैं लेकिन बहुत महंगे होते हैं। वहीं बंद करने के कुछ दिनों बाद दोबारा गाड़ी को चालू करने पर लगभग 1500 रुपये का खर्च आता है। जब शौक बड़े हों तो माइलेज कौन देखता है।