सड़क पर BSP समर्थकों के प्रदर्शन में बवाल हो गया। पुलिस ने बीएसपी कार्यकर्ताओं पर लाठियां भांजी तो मामला और भड़क गया, उलटा पुलिस को भाग कर जान बचानी पड़ी
अंबाला के पतरेहड़ी गांव में पिछले दिनों दो पक्षों में हुए विवाद में कुछ गिरफ्तार हुए लोगों को छोड़ने के लिए वीरवार दोपहर उपायुक्त को ज्ञापन देकर लौट रहे बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अचानक अग्रसेन चौक पर जाम लगा दिया और गाड़ियों पर पथराव शुरू कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने वहां मौजूद पुलिस को भी लाठियों और डंडों से निशाना बनाया।
इस बवाल में कई वाहनों के शीशे टूट गए और कई पुलिस वालों को भी चोटें आईं। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने भी प्रदर्शनकारियों की गाड़ियों को घेर लिया और जमकर डंडे बरसाए और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
अंबाला के नारायणगढ़ उपमंडल के पतरेहड़ी गांव में होली के दिन दो समुदायों में हुए झगड़े में एक शख्स की मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपी पक्ष की मांग है कि मामले में कुछ निर्दोष लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें छोड़ा जाए।
तबसे लेकर कई बार समुदाय के लोग कई बार हंगामा कर चुके हैं। उसी कड़ी में वीरवार को बसपा कार्यकर्ता समुदाय के लोगों के साथ अंबाला शहर पहुंचे। दोपहर कार्यकर्ताओं ने डीसी को ज्ञापन दिया और लौटते हुए अचानक इन लोगों ने अग्रसेन चौक पर जाम लगा दिया। इतना ही नहीं लोगों ने आते जाते वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया।