एक्टर संजय दत्त ने अपनी जिंदगी का वो राज दुनिया को बताया, जिसके बारे में शायद ही लोग जानते हों। एक कार्यक्रम में शिकरत करने आए तो अभिनेता ने अपनी दास्तां युवाओं को बताई।
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में श्री श्री रविशंकर द्वारा ड्रग फ्री इंडिया अभियान की शुरुआत की गई है। इस मौके पर एक्टर संजय दत्त, कॉमेडियन कपिल शर्मा, सिंगर गुरदास मान और रैपर बादशाह मौजूद रहे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय दत्त ने कहा कि मेरी जिंदगी में एक बड़ी गलती की, नशा करना। मैंने नशे की लत के चलते निजी जीवन में बहुत कुछ खोया है। मैं बदहाली की कगार पर पहुंच गया था।
संजय दत्त ने कहा कि लेकिन जैसे हर किसी को एक मौका मिलता है, मुझे भी मिला और फिर मैंने सोच समझकर एक बड़ा फैसला लिया। मैं वो सही फैसला ले सका, जिससे मेरे जीवन की बदहाली खत्म हुई। उन्होंने कहा कि अब ड्रग फ्री इंडिया अभियान से जुड़ कर वह युवाओं को नशे की कुरीति की तरफ जाने से रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि समय रहते गलत व सही की पहचान करें।
श्री श्री रवि शंकर ने कहा कि डिप्रेशन से बाहर आने के लिए नशा कोई हल नहीं है। वास्तविक नशा तो खुद की काबलियत और कला है। अंदरूनी संतोष से बढ़ कर दुनिया में कोई नशा नहीं है। अपने काम और करियर का जुनून इस कदर होना चाहिए कि नशे की जरूरत ही न रहे। हमारी संस्था युवाओं को सही रास्ता तलाशने और उनके माता-पिता को इन हालातों से जूझने में मदद करेगी। ड्रग फ्री इंडिया मुहिम को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
पंजाबी गायकी का बाबा बोड़ कहे जाने वाले गुरदास मान ने ड्रग फ्री अभियान से जुड़ते हुए युवाओं से कहा कि शुरू में भले ही कोई समस्या बड़ी लगे, लेकिन समय के साथ हम उससे लड़ने और उस पर जीत हासिल करने के काबिल हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि उनका एक दोस्त कला का माहिर होने के बावजूद नशे की जंग में हार कर बेवक्त दुनिया से चला गया। उन्होंने अपने गीतों के जरिए युवाओं में नशे के खिलाफ जोश भरा।