पुलिस के लिए सिरदर्द बनी राम रहीम की 'दुलारी' हनीप्रीत का एक और नया सच सामने आया है। अगर ऐसा हुआ तो राम रहीम के साथ साथ कई लोग नपेंगे।
राम रहीम की बहू खुशप्रीत के ममेरे भाई भूपेंद्र सिंह गोरा कहते हैं कि पंजाब के पूर्व मंत्री हरमिंदर सिंह जस्सी ने हनीप्रीत को अपनी जेड प्लस सिक्योरिटी की आड़ में खुफिया ठिकाने पर पहुंचाया है। वह किसी डेरा प्रेमी के घर पर ही मिलेगी।
वहीं गोरा के इन आरोपों को इस बात के कारण सही माना जा रहा है कि राजस्थान के श्रीगंगानगर में राम रहीम के पुश्तैनी गांव गुरुसर मोडिया तलाशी के दौरान जस्सी की सिक्योरिटी में तैनात पंजाब पुलिस के जवान वहां देखे गए थे।
वहीं एक महीने से फरार हनीप्रीत, डॉ. आदित्य इंसा और पवन इंसा के खिलाफ पंचकूला की अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए हैं। दिल्ली में जमानत याचिका दायर करने की खबर के बीच दिल्ली में भी हनीप्रीत के लिए छापेमारी की जा रही है।
भूपेंद्र सिंह गोरा ने भी हनीप्रीत की तलाश और डेरे की प्रताड़ना का शिकार लोगों की मदद के लिए राष्ट्रीय एंटी कर्ट फ्रंट बनाया है। गोरा ने कहा कि हनीप्रीत को ढूंढ़ निकालने के लिए वे अभियान चलाएंगे। नेपाल, दुबई, कनाडा और दूसरे देशों में जाने से भी गुरेज नहीं किया जाएगा।