सीएम डैश बोर्ड: राजस्व की बात छोड़ दें तो विकास कार्यों में बरेली अव्वल, 50 योजनाओं में ए प्लस मिला
सीएम डैश बोर्ड में विकास कार्यों की रैकिंग में बरेली को प्रथम स्थान मिला है। अंबेडकर नगर दूसरे स्थान पर है। अगर राजस्व को जोड़कर समीक्षा करें तो बरेली को प्रदेश में दूसरा व अंबेडकरनगर पहले स्थान पर है।
विस्तार
सीएम डैश बोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों की जनवरी की रैंकिंग जारी हुई है। राजस्व की बात छोड़ दें तो बरेली को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। अंबेडकर नगर दूसरे स्थान पर है। बरेली मंडल के पीलीभीत जिले को चौथा, शाहजहांपुर को 18वां व बदायूं को 64वां स्थान मिला है।
सीएम डैश बोर्ड पर हर महीने विकास योजनाओं की समीक्षा होती है। जनवरी की रैंकिंग सोमवार को जारी हुई है। रैंकिंग में शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बिजली, पर्यावरण, जल निगम की विकास योजनाओं की समीक्षा में बरेली जिला आगे रहा है।
सूची के अनुसार अतिरिक्त उर्जा स्रोत, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, पर्यावरण, वन, श्रम एवं रोजगार, कृषि, पशुपालन की योजनाओं में जिला ए-प्लस की श्रेणी में है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं में एंबुलेंस 102, 108 व बायोमेडिकल के निस्तारण, डायलिसिस सेवाओं में जिला अव्वल रहा है।
ओडीओपी मार्जिन मनी, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार, ओडीओपी टूल किट स्कीम, ग्रामीण विकास में भवन और सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन में आधार सीडिंग, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कौशल विकास योजना, पंचायत राज विभाग के स्वच्छ भारत मिशन में भी ए-प्लस श्रेणी बरेली की रही है।
ये है रिपोर्ट कार्ड
सीएम डैश बोर्ड में कुल 91 योजनाएं है। इसमें 50 योजनाओं में बरेली को ए-प्लस मिला है। बेसिक शिक्षा, पशुपालन, नमामि गंगे ग्रामीण जलापूर्ति, स्वास्थ्य विभाग के निर्माण कार्यों, ग्रामीण विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की छह योजनाओं में ए श्रेणी है। विभिन्न विभागों की 13 योजनाओं में बी, 12 योजनाओं में सी और तीन में डी व सात में ई-श्रेणी है। आईटी, श्रम और रोजगार, समाज कल्याण और पर्यटन विभाग की निर्माण से जुड़ी तीन योजनाओं में ई श्रेणी मिली है।
राजस्व की समीक्षा में पीलीभीत 15वें स्थान पर
सीएम डैश बोर्ड पर विकास कार्यों के साथ राजस्व को भी जोड़कर की गई समीक्षा के तहत जारी रैंक में बरेली प्रदेश में दूसरे व अंबेडकरनगर पहले स्थान पर रहा है। वहीं मंडल के जिलों की बात करें तो राजस्व को जोड़कर रैकिंग में शाहजहांपुर 7वें, पीलीभीत 15वें व बदायूं 52वें स्थान पर है।