चौकी में पति की पिटाई देख पत्नी हुई आहत, घर आकर खाया जहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत शहर से सटे खजुराह गांव से पुलिस का खौफनाक चेहरा सामने आया है। दरअसल, एक मजदूर को पुलिस ने आसाम रोड चौकी बुलाकर उसकी पत्नी के सामने बेरहमी से पीटा। चौंका देने वाली बात है कि इससे महिला इस कदर आहत हुई कि उसने घर आकर जहर खा लिया। इस बीच महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के खजुराह गांव निवासी मजदूर जगदीश प्रसाद ने बताया कि कई दिनों से उसका अपने भाई महेश और पिता राधेश्याम से बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को पिता ने आसाम रोड चौकी पुलिस से शिकायत कर दी थी। इस पर दोपहर में पुलिस ने जगदीश को चौकी बुलाया।
बिना कुछ जाने पुलिस ने शुरू किया पीटना
जगदीश अपनी पत्नी मुन्नी देवी और ढाई महीने के बेटे कृष्णपाल को लेकर चौकी पहुंच गया। आरोप है कि चौकी पुलिस ने बिना कुछ पूछे जगदीश को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। उसे जेल भेजने की भी धमकी दी। बेवजह पति को पीटे जाने से मुन्नी देवी इस कदर आहत हुई कि वह पति को चौकी में ही छोड़कर घर आ गई और जहर खा लिया।
महिला के जहर खाने की खबर लगी तो पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत ही जगदीश को छोड़ दिया। घरवालों ने मुन्नी को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया। डॉक्टरों ने उनके जहर खाने की पुष्टि की। परिवार वालों का आरोप है कि पुलिस के बेवजह जगदीश को पीटने से आहत होकर ही मुन्नी देवी ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की है।
पुलिस इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा का कहना है कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। पारिवारिक विवाद की शिकायत मिलने की बात न तो चौकी पुलिस ने बताई, न ही कोई पीड़ित मुझसे मिलने पहुंचा। पूरे मामले की जानकारी की जाएगी।