{"_id":"6a2f8ec8e5a822a7630defb8","slug":"goods-laden-truck-catches-fire-near-panpatha-major-mishap-averted-umaria-news-c-1-1-noi1225-4396139-2026-06-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Umaria News: चलते ट्रक में भड़की भीषण आग, परचून का सामान जलकर खाक, दूर से नजर आ रहीं थी लपटें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Umaria News: चलते ट्रक में भड़की भीषण आग, परचून का सामान जलकर खाक, दूर से नजर आ रहीं थी लपटें
Mon, 15 Jun 2026 11:39 AM IST
उमरिया ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया
Published by: उमरिया ब्यूरो
Updated Mon, 15 Jun 2026 11:39 AM IST
सार
इंदवार थाना क्षेत्र में कटनी से ब्यौहारी जा रहे परचून सामान से भरे ट्रक में पनपथा गांव के पास तड़के अचानक आग लग गई। आग से ट्रक और अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। किसी जनहानि की सूचना नहीं है, जबकि नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है।
विज्ञापन
जलने के बाद ट्रक की हालत
- फोटो : credit
विस्तार
जिले के इंदवार थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब परचून का सामान लेकर जा रहे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रक में लदा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंच जाने से आग पर काबू पा लिया गया और किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 3 बजे की है। कटनी से ब्यौहारी क्षेत्र के टिहकी गांव की ओर परचून का सामान लेकर जा रहा ट्रक बरही-मानपुर मार्ग स्थित स्टेट हाईवे-10 पर पनपथा गांव के हाई स्कूल के पास पहुंचा ही था कि अचानक उसमें आग लग गई। शुरुआती तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन कुछ ही मिनटों में लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। रात के सन्नाटे में ट्रक से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आग इतनी तेज थी कि ट्रक में रखा परचून का सामान तेजी से जलने लगा। चालक और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- मां की आंखों के सामने छोटे तालाब में डूबा मूकबधिर किशोर, अस्पताल में तोड़ा दम; देखती रह गई ममता
विज्ञापन
फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। यदि आग समय पर नहीं बुझाई जाती तो ट्रक पूरी तरह जल सकता था और आसपास के क्षेत्र में भी खतरा पैदा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ ही देर में ट्रक का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। आग लगने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन ट्रक और उसमें लदा अधिकांश सामान आग की भेंट चढ़ गया।

जलने के बाद ट्रक की हालत
