Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Ujjain: BJP MLA's Son Shoots Reel in Restricted Mahakal Temple Area, Security Firm Fined Rs 5 Lakh

उज्जैन: महाकाल मंदिर में नियम तोड़कर विधायक पुत्र ने बनाई रील, सुरक्षा कंपनी पर 5 लाख जुर्माना, तीन गार्ड हटाए

Sat, 14 Nov 2026 10:15 AM IST
उज्जैन ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन Published by: उज्जैन ब्यूरो Updated Sat, 14 Nov 2026 10:15 AM IST
सार

आखिर सवाल यही है महाकाल के दरबार में सब बराबर हैं, तो नियम क्यों बराबर नहीं? अगर आम भक्त के लिए मोबाइल पर रोक है, तो वीआईपी के लिए छूट क्यों? अगर गार्ड को बर्खास्त किया गया, तो रील बनाने वाले पर कार्रवाई कब होगी?

विज्ञापन
Ujjain: BJP MLA's Son Shoots Reel in Restricted Mahakal Temple Area, Security Firm Fined Rs 5 Lakh
महाकाल मंदिर में विधायक पुत्र की रील पर बवाल - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

महाकाल मंदिर में जहां आम भक्तों का मोबाइल गेट पर ही जमा कर लिया जाता है। नंदी हॉल में मोबाइल की झलक दिख जाए तो गार्ड टोक देते हैं लेकिन जब बात वीआईपी की आती है, तो नियम जैसे हवा हो जाते हैं। ताजा मामला फिर वही है। भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वे मंदिर के अंदर चांदी द्वार तक मोबाइल से रील बनाते नजर आ रहे हैं। और कार्रवाई हुई सुरक्षा कंपनी और तीन छोटे गार्डों पर। सोशल मीडिया पर पूरे मामले का एक वीडियो वायरल हो रहा है जो कि करीब एक हफ्ते पुराना बताया जा रहा है। 
विज्ञापन


वीआईपी व्यवस्था और नियमों पर उठे सवाल
महाकाल मंदिर में दर्शन के दौरान विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला ने बाहर से लेकर अति संवेदनशील चांदी द्वार तक बेधड़क रील बनाई। इस दौरान वहां तैनात मंदिर के कर्मचारी रुद्राक्ष को विशेष प्रोटोकॉल से दर्शन करवाने और उनकी आवभगत में ही लगे रहे। किसी भी सुरक्षाकर्मी या कर्मचारी ने उन्हें प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल से वीडियो बनाने से नहीं रोका।
विज्ञापन


यह पूरा मामला मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और दोहरे नियमों को स्पष्ट रूप से उजागर करता है। मंदिर में आम और खास श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं लागू हैं। यदि कोई सामान्य श्रद्धालु 250 रुपये का शीघ्र दर्शन टिकट खरीदकर महाकाल दर्शन करने आता है, तो उसे व्यवस्था के नाम पर अपना मोबाइल फोन बाहर लॉकर में जमा कराना पड़ता है। वहीं दूसरी ओर वीआईपी लोग अपने रसूख के बल पर आसानी से मोबाइल अंदर ले जाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


मंदिर प्रशासन का दावा और विधायक का खंडन
मामला मीडिया की सुर्खी बनने के बाद महाकालेश्वर मंदिर के सुरक्षा व्यवस्था प्रभारी राहुल शर्मा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले गार्डों की पहचान के बाद उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई होगी।

विधायक ने खारिज किया दावा
दूसरी तरफ इंदौर के विधानसभा क्षेत्र तीन के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला ने मंदिर प्रशासन के दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। उन्होंने अपने बेटे का बचाव करते हुए कहा कि यह रील एक माह पुरानी है और मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है। विधायक ने दावा किया कि कोई शिकायत नहीं हुई है और न ही सुरक्षा कंपनी पर कोई जुर्माना लगाया गया है।

ये भी पढ़ें: एमपी: दुनिया के अनूठे नलतरंग की धुन से गूंज उठी मैहर की धरती, 108 साल पुरानी संगीत परंपरा हुई जीवंत

रुद्राक्ष का विवादों से पुराना नाता
ये पहली बार नहीं है जब रुद्राक्ष शुक्ला का नाम मंदिर में नियम तोड़ने को लेकर सामने आया है। 18 अगस्त 2021 श्रावण के चौथे सोमवार को जब कोविड के कारण श्रद्धालुओं के गर्भगृह में जाने पर पूरी रोक थी, तब रुद्राक्ष गर्भगृह के गेट तक पहुंच गए और फोटो खिंचवाई थी। 12 मार्च 2023 में भस्म आरती के दौरान 26 सेकंड का वीडियो सामने आया था। इसमें रुद्राक्ष पुजारियों के साथ गर्भगृह में दिखाई दिए, जबकि आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में जाना बंद था। 21 जुलाई 2025 को विधायक गोलू शुक्ला कांवड़ यात्रा लेकर उज्जैन पहुंचे थे। भस्म आरती से पहले वे बेटे रुद्राक्ष और समर्थकों के साथ मंदिर पहुंचे। विधायक के गर्भगृह में जाने के दौरान रुद्राक्ष भी अंदर जाने लगा। कर्मचारियों ने रोकने की कोशिश की तो कहासुनी और झूमाझटकी हो गई। मामले की जांच के लिए कलेक्टर ने तीन सदस्यीय समिति बनाई थी।


महामंडलेश्वर शैलशानंद महाराज बोले - नियम सबके लिए एक हो
वीडियो वायरल होने के बाद महामंडलेश्वर शैलशानंद महाराज ने मंदिर की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा - महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था वैष्णो देवी और दूसरे बड़े मंदिरों की तरह होनी चाहिए। मंदिर की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय या सशस्त्र सुरक्षा बलों को दी जानी चाहिए। मंदिर में कुछ लोगों के साथ अलग व्यवहार किया जाता है। आम दर्शनार्थियों को मोबाइल ले जाने पर रोका जाता है और कई बार उनके साथ गलत व्यवहार भी होता है। जबकि नेताओं और प्रभावशाली लोगों को अंदर तक जाने और रील बनाने की छूट मिल जाती है। ऐसा नहीं होना चाहिए। मंदिर में सभी के लिए एक जैसे नियम होने चाहिए।

इस सबके बीच आखिर सवाल यही है कि महाकाल के दरबार में सब बराबर हैं, तो नियम बराबर क्यों नहीं हैं? अगर आम भक्त के लिए मोबाइल पर रोक है, तो वीआईपी के लिए छूट क्यों? अगर गार्ड को बर्खास्त किया गया, तो रील बनाने वाले पर कार्रवाई कब होगी? जब तक इस सवाल का जवाब नहीं मिलेगा, तब तक महाकाल मंदिर में नियमों की धज्जियां उड़ती रहेंगी और सजा सिर्फ छोटे लोगों को मिलती रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed