चोर ने कोरियर से वापस किए चुराए मोबाइल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक लड़की की गाड़ी से तीन मोबाइल फोन चोरी हो गए लेकिन करीब एक महीने बाद उस चोर ने वो मोबाइल उस लड़की को कोरियर से वापस भेज दिए।
चोर ने मोबाइलों के साथ एक चिट्ठी भी भेजी। अंग्रेजी में लिखी इस चिट्ठी में चोर ने कहा कि,"अपना सामान संभाल कर रखा करो।"
लड़की अपने फोन वापस पाकर खुश है और हैरान भी कि आखिर चोर ने मोबाइलों को वापस क्यों भेजा? इस घटना पर स्थानीय पुलिस भी बेहद हैरान है।
आखिर क्या है पूरा मामला
मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली कृतिका की गाड़ी से 14 मार्च को तीन मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। कृतिका ने इस मामले की जानकारी पुलिस को तुरंत दे दी थी।
पुलिस इन मोबाइलों को आईएमईआई नंबर की मदद से ढूंढ रही थी। देखते देखते महीना भर निकल गया लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं आया।
कृतिका को उम्मीद नहीं थी कि अब ये फोन उसको वापस मिलेंगे लेकिन चोर ने कोरियर से मोबाइल लौटाए तो पुलिस और कृतिका दोनों हैरान रह गए।
चोर ने लिखी अंग्रेजी में चिट्ठी
इस पूरे मामले में खास बात चोर की चिट्ठी भी है। इस चिट्ठी में चोर ने कृतिका से कहा कि अपना सामान संभाल कर रखा करो।
चोर ने ये चिट्ठी अंग्रेजी में लिखी है और खुद को अच्छे घर का बंदा बताया है। हालांकि उसने अपनी पहचान नहीं बताई लेकिन चिट्ठी में लिखी अंग्रेजी से साफ है कि चोर अच्छा पढ़ा लिखा है।
अब पुलिस के सामने बड़ी चुनौती ये है कि वो चोर की तलाश जारी रखेगी या मोबाइल मिल जाने के बाद मामले को बंद कर देगी।
क्या कहती है पुलिस?
एसीपी क्राइम ब्रांच दिलीप सोनी ने बताया कि मामला पलासिया इलाके का है। लड़की को मोबाइल वापस मिल गए हैं जो पुलिस के लिए बड़ी सफलता है।
उन्होंने दावा किया कि पुलिस मोबाइल ट्रैकिंग यूनिट चला रही है जिससे डर कर चोर ने मोबाइल वापस भेज दिए नहीं तो वो जल्द ही पकड़ा जाता।
