एमपी: कूनो रेस्टहाउस के बाहर डिप्टी कलेक्टर की गाड़ी में लगी आग, देखते ही देखते धू-धूकर जली सरकारी कार
श्योपुर के कूनो रेस्टहाउस के बाहर डिप्टी कलेक्टर शिवलाल शाक्य की सरकारी गाड़ी में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सूचना पर डायल-112 और दमकल की टीम मौके पर पहुंची।
विस्तार
श्योपुर जिले के कूनो से बड़ी खबर सामने आई है। यहां कूनो रेस्टहाउस के बाहर डिप्टी कलेक्टर शिवलाल शाक्य की गाड़ी में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी गाड़ी धू-धूकर जलने लगी और देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, डिप्टी कलेक्टर शिवलाल शाक्य कूनो रेस्टहाउस में मौजूद थे और वहां से कलेक्ट्रेट जाने के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान रेस्टहाउस के बाहर खड़ी उनकी गाड़ी में अचानक आग लग गई। शुरुआती तौर पर आग लगने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।
आग ने विकराल रूप लिया
गाड़ी से अचानक धुआं उठता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। कुछ ही समय में वाहन आग की लपटों से घिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि वाहन को बचाया नहीं जा सका।
ये भी पढ़ें- आस्था, कला और हुनर का संगम: सागर में 50 साल से बन रही दुर्गा प्रतिमाएं, देशभर में रहती है डिमांड
मौके पर दमकल टीम को भेजा गया
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 और दमकल की टीम को मौके पर भेजा गया। हालांकि, दमकल की टीम के पहुंचने तक गाड़ी काफी हद तक जल चुकी थी और बाद में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि आग की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के कूनो रेस्टहाउस की बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। आग आखिर किस वजह से लगी, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
रेस्टहाउस के बाहर खड़ी डिप्टी कलेक्टर की सरकारी गाड़ी में अचानक लगी आग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और पुलिस की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है।
