{"_id":"6abe3f50bb53fa18e00352eb","slug":"family-visiting-to-see-hanuman-ansh-gets-stuck-in-mall-elevator-for-15-minutes-112-service-arrives-to-help-shahdol-news-c-1-1-noi1220-4785543-2026-10-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"शहडोल: हनुमान अंश देखने आया परिवार, मॉल की लिफ्ट में 15 मिनट तक फंसा रहा, 112 ने पहुंचकर की मदद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शहडोल: हनुमान अंश देखने आया परिवार, मॉल की लिफ्ट में 15 मिनट तक फंसा रहा, 112 ने पहुंचकर की मदद
Thu, 01 Oct 2026 07:07 PM IST
शहडोल ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शहडोल
Published by: शहडोल ब्यूरो
Updated Thu, 01 Oct 2026 07:07 PM IST
सार
शहडोल के बुढ़ार रोड स्थित के स्क्वायर मॉल की लिफ्ट में फिल्म देखने पहुंचे पति-पत्नी और उनका बच्चा करीब 15 मिनट तक फंसे रहे। परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के दौरान लिफ्ट चालू हो गई। मॉल संचालक ने बच्चे द्वारा कई बटन दबाने से तकनीकी समस्या होने का दावा किया।
विज्ञापन
इस लिफ्ट में फंसा रहा परिवार
विस्तार
शहडोल के कोतवाली थाना क्षेत्र के बुढ़ार रोड स्थित के स्क्वायर मॉल में फिल्म देखने पहुंचे पति-पत्नी और उनका बच्चा लिफ्ट में फंस गए। परिवार के मुताबिक, लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में बंद हो गई। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद जब कोई मदद के लिए नहीं पहुंचा तो परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने तक लिफ्ट दोबारा चालू हुई और परिवार बाहर निकल सका।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार उमरिया जिले के पाली निवासी सुनील कुमार मिश्रा पत्नी और बच्चे के साथ के स्क्वायर थिएटर में फिल्म हनुमान अंश देखने पहुंचे थे। परिवार लिफ्ट से ऊपर जा रहा था, तभी अचानक लिफ्ट रुक गई। सुनील के अनुसार उन्होंने कई बार बाहर आवाज लगाकर मदद मांगी, लेकिन कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद उन्होंने मोबाइल से डायल 112 को सूचना दी।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों के अनुसार परिवार करीब 15 मिनट तक लिफ्ट के अंदर फंसा रहा और बाहर निकलने के बाद काफी घबराया हुआ था। पुलिस के पहुंचने के दौरान ही लिफ्ट अचानक चालू हो गई और परिवार बाहर आ गया।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश: राहुल के बालाघाट दौरे पर भाजपा का पलटवार, राजेंद्र शुक्ल बोले- ‘पॉलिटिकल टूरिज्म’ करने आए
बच्चे के बटन दबाने से लिफ्ट बंद होने का दावा
घटना के बाद परिवार ने मॉल कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। मॉल संचालक बलमीत सिंह खनूजा से बात की गई तो शुरुआत में उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने मैनेजर पंकज पांडे से भी जानकारी ली। बाद में संचालक ने बताया कि परिवार के लिफ्ट में सवार होने के दौरान बच्चे ने अंदर लगे कई बटन दबा दिए थे, जिससे तकनीकी समस्या के कारण लिफ्ट रुक गई। उनका कहना था कि लिफ्ट में कर्मचारियों के संपर्क नंबर लिखे हैं, लेकिन लाइट बंद होने के कारण नंबर दिखाई नहीं दिए। परिवार ने इसी वजह से 112 पर कॉल किया।
लिफ्ट ऑडिट की जानकारी मांगी जाएगी
नगर पालिका के बिल्डिंग अधिकारी शरद द्विवेदी ने बताया कि के स्क्वायर में लगी लिफ्ट का इंजीनियर ऑडिट करता है और इसकी जानकारी नगर पालिका को दी जानी होती है। फिलहाल ऑडिट संबंधी जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मामले का संज्ञान लेकर जानकारी ली जाएगी।

ये परिवार 15 मिनट तक लिफ्ट में फंसा रहा।
