एमपी: सागर में जहरीली शराब से पंचायत सचिव की मौत, मृतकों की संख्या 33 होने का दावा; प्रशासन के आंकड़े 18
सागर में जहरीली शराब से पंचायत सचिव अजय लोधी की मौत हो गई। स्थानीय दावे के अनुसार मृतकों की संख्या 33 पहुंची, जबकि प्रशासन ने 18 मौतों की पुष्टि की है। मुख्य आरोपी रवि लखेरा गिरफ्तार हुआ और अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई जारी है।
विस्तार
सागर जिले में जहरीली शराब का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बंडा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुडारी बुजुर्ग में पदस्थ पंचायत सचिव अजय लोधी (30) की शुक्रवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में उपचार के दौरान मौत हो गई। जहरीली शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, पिता गनपत सिंह लोधी के निधन के बाद अजय को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी।
अजय लोधी की मौत के बाद स्थानीय स्तर पर जहरीली शराब कांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 बताई जा रही है। वहीं, प्रशासन के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अब तक 18 लोगों की मौत हुई है। करीब एक दर्जन लोग अभी भी बीएमसी के आईसीयू में उपचाराधीन हैं।
पढे़ं: हेलीपैड का तीन क्विंटल वजनी गेट बच्चों पर गिरा, चार साल की दिव्या की मौत; भाई घायल
प्रकरण के तूल पकड़ने के बाद पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। अवैध शराब बनाने का कथित फार्मूला उपलब्ध कराने वाले मुख्य आरोपी रवि लखेरा को पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगने से घायल रवि लखेरा को उपचार के लिए बीएमसी में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल आरोपियों और माफियाओं के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है। उनके अवैध निर्माण और मकानों को ध्वस्त किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए शहर के कुछ प्रतिष्ठानों पर भी प्रशासन का बुलडोजर चला। सत्यम होटल और पाथ वे रिसॉर्ट पर कार्रवाई की गई। सरकारी जमीन से अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर नजर रखते हुए कार्रवाई तेज कर दी है।
विस अध्यक्ष ने दुख जताया
जहरीली शराब से हुई मौतों पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने दुख जताते हुए इसे हृदय विदारक घटना बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है तथा दोषियों के खिलाफ आवश्यक सख्त कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को खुरई प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने नवीन नगर पालिका भवन में 21.11 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने बंडा की घटना पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
दिवंगत परिवारों के प्रति संवेदनाएं
मीडिया से बातचीत के दौरान तोमर ने कहा कि बंडा में जो घटना घटी है, वह अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने घटना में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और अपने परिजनों को खोने वाले सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।
शराबबंदी के सवाल पर दिया बयान
पत्रकारों ने प्रदेश में शराब के विरोध और पूर्ण शराबबंदी को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में विधानसभा अध्यक्ष ने बंडा की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासन इस मामले में पूरी गंभीरता से यथासंभव सख्त कार्रवाई कर रहा है।
