रीवा में भीषण सड़क हादसा: बस-बाइक की टक्कर में चाची-भतीजे की मौत; क्षेत्र में शोक का माहौल
रीवा के रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र में शनिवार को बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार चाची-भतीजे की मौत हो गई। हादसा बंधवा मोड़ के पास हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार चाची-भतीजे की मौत हो गई। मनगवां की ओर से आ रही बस और विपरीत दिशा से आ रही बाइक के बीच बंधवा मोड़ के पास आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार अरुणा सिंह और उनके भतीजे प्रियांश सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को एक बस मनगवां की तरफ से आ रही थी। इसी दौरान सामने की दिशा से बाइक पर अरुणा सिंह और प्रियांश सिंह जा रहे थे। जैसे ही दोनों वाहन बंधवा मोड़ के पास पहुंचे, दोनों के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर कर्चुलियान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान अरुणा सिंह और प्रियांश सिंह के रूप में की है। पुलिस द्वारा हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस
रायपुर कर्चुलियान थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी ने हादसे में दो लोगों की मौत होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। बस और बाइक की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, हादसे के समय वाहनों की स्थिति क्या थी और दुर्घटना का वास्तविक कारण क्या रहा, इन सभी बिंदुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें- इंदौर: सड़क के गड्ढे से हिला टैंकर, ढक्कन के पास से छलका केमिकल; कई वाहन चालकों को हुई परेशानी
पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से जानकारी लेने के साथ हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। चाची-भतीजे की एक साथ मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में मातम पसरा हुआ है।
