Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   MP: A 500,000-year-old jawbone of a giant elephant has been discovered in the Narmada Valley news in hindi

एमपी: नर्मदा घाटी में मिला पांच लाख साल पुराना विशालकाय हाथी का जबड़ा, पुरानी पीली मिट्टी की परत में दबा था

Sat, 21 Nov 2026 09:33 AM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायसेन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायसेन Published by: शबाहत हुसैन Updated Sat, 21 Nov 2026 09:33 AM IST
सार

रायसेन के नर्मदा घाटी स्थित पतई में 4 से 5 लाख वर्ष पुराना विशालकाय हाथी का जीवाश्म मिला है। वैज्ञानिकों के प्रारंभिक विश्लेषण में इसे पेलियोलेक्सोडोन प्रजाति का माना जा रहा है। क्षेत्र में और जीवाश्म मिलने की संभावना जताई गई है।

विज्ञापन
MP: A 500,000-year-old jawbone of a giant elephant has been discovered in the Narmada Valley news in hindi
रायसेन के पतई घाट पर मिला प्रागैतिहासिक हाथी का जीवाश्म - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दुनिया के कई अनसुलझे रहस्य अपने भीतर समेटे नर्मदा घाटी एक बार फिर चर्चा में है। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा नदी के किनारे पतई घाट पर एक विशालकाय प्रागैतिहासिक हाथी का जीवाश्म मिला है। इसमें हाथी के निचले जबड़े और दांतों के अवशेष शामिल हैं। वैज्ञानिकों के प्रारंभिक विश्लेषण के मुताबिक, यह जीवाश्म करीब 4 से 5 लाख वर्ष पुराना हो सकता है। इसकी बनावट और दांतों की संरचना के आधार पर इसे पेलियोलेक्सोडोन (Palaeoloxodon) प्रजाति का माना जा रहा है। यह प्रागैतिहासिक हाथी 4 से 5 मीटर यानी करीब 13 से 16 फीट ऊंचा और 18 से 22 टन तक वजनी होता था। वैज्ञानिकों का मानना है कि जिस स्थान पर जबड़ा मिला है, वहां पीली मिट्टी की परत में हाथी की पसलियों और शरीर के अन्य अंगों के जीवाश्म भी दबे हो सकते हैं।

विज्ञापन

इस खोज से नर्मदा घाटी में प्रागैतिहासिक जीवों की मौजूदगी को लेकर एक बार फिर नई उम्मीद जगी है। इससे पहले इसी क्षेत्र में मानव कपाल और हाथी के प्राचीन दांत भी मिल चुके हैं। पतई से करीब एक किलोमीटर दूर उड़ने वाले जीव के जीवाश्म मिलने की जानकारी भी सामने आ चुकी है। इस खोज का प्रारंभिक विश्लेषण डॉ. अंजलि त्रिवेदी (शाहनी इंस्टीट्यूट ऑफ पैलियोसाइंसेज, लखनऊ) और डॉ. रवि उपाध्याय समेत वैज्ञानिकों ने किया है।

विज्ञापन


रायसेन जिले के नर्मदा घाटी क्षेत्र में स्थित पतई घाट पर मिले जीवाश्म का वरिष्ठ वैज्ञानिकों की टीम ने प्रारंभिक अध्ययन किया है। इस टीम में डॉ. हिटकिशोर गोस्वामी, डॉ. रवि उपाध्याय, डॉ. कुंवर वजाहत शाह, डॉ. सचिन कुमार और डॉ. मुकेश द्विवेदी शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन


पढ़ें: पहाड़ों की बर्फबारी से एमपी में बढ़ी ठिठुरन: 7.1 डिग्री पहुंचा पारा, सात जिलों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट

वैज्ञानिकों ने जीवाश्म मिलने वाली जगह की मिट्टी की परतों और उसकी भूगर्भीय संरचना का अध्ययन किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जीवाश्म पीली महीन मिट्टी की उस परत से मिला है, जिसे भूगर्भीय भाषा में बनेटा फॉर्मेशन और सोहागपुर फॉर्मेशन से संबंधित माना जाता है। यह परत प्लेस्टोसीन काल की है, जिसका समय लगभग 24 हजार से 5 लाख वर्ष पूर्व तक माना जाता है। वैज्ञानिकों के अनुसार, जीवाश्म की स्थिति और संरचना इसे मध्य प्लेस्टोसीन काल का होने की संभावना की ओर संकेत करती है।

दो प्रमुख प्रजातियों के जीवाश्म
शोधकर्ताओं के मुताबिक, नर्मदा घाटी में हाथी जैसे जीवों की दो प्रमुख प्रजातियों के जीवाश्म मिलते रहे हैं। इनमें पहली प्रजाति स्टेगोडॉन (Stegodon) है। यह करीब 3 मीटर ऊंचा हाथी जैसा जीव था, जिसके दांत मुड़े हुए होते थे। इसके जीवाश्म आमतौर पर नीचे की भूगर्भीय परतों में मिलते हैं। दूसरी प्रजाति पेलियोलेक्सोडोन (Palaeoloxodon) थी। यह सीधे दांतों वाला विशालकाय हाथी था, जिसकी ऊंचाई 4 से 5 मीटर और वजन 18 से 22 टन तक होता था। इसके जीवाश्म सामान्यतः ऊपरी और मध्य भूगर्भीय परतों में मिलते हैं।

पतई में मिले जबड़े की लंबाई करीब 75 सेंटीमीटर और चौड़ाई 25 सेंटीमीटर है। इसकी दांतों की बनावट भी वैज्ञानिकों के लिए खास है। जबड़े में दाढ़ें एक-दूसरे के समानांतर 7 से 9 पंक्तियों में दिखाई देती हैं। दांत ऊंचे और उभरे हुए हैं। उन पर स्पष्ट धारियां भी मौजूद हैं। इसके अलावा जबड़े का निचला हिस्सा यानी ठुड्डी चौड़ी है। इन विशेषताओं के आधार पर वैज्ञानिक इसे पेलियोलेक्सोडोन प्रजाति का जीवाश्म मानने की संभावना जता रहे हैं।

वहीं, स्टेगोडॉन के जबड़े की ठुड्डी वी आकार की होती थी। इसके दांत अपेक्षाकृत चौड़े, छोटे और भारी होते थे। पतई में मिले जीवाश्म में ऐसी बनावट नहीं मिलने के कारण इसके स्टेगोडॉन होने की संभावना कम मानी जा रही है। हालांकि, वैज्ञानिकों ने स्पष्ट किया है कि जीवाश्म की वास्तविक प्रजाति और उसकी सही उम्र निर्धारित करने के लिए अभी और गहन शोध की जरूरत है।

वैज्ञानिकों ने क्या बताया?
वैज्ञानिकों के अनुसार, नर्मदा घाटी का यह पूरा इलाका जीवाश्मों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। वर्ष 2010 में भी इस क्षेत्र से कई जीवाश्म मिले थे, जिनमें डायनासोर के जीवाश्म भी शामिल थे। यहां पहले भी प्रागैतिहासिक जीवों के अवशेष मिलते रहे हैं। ऐसे में पतई घाट पर हुई नई खोज से इस क्षेत्र में और भी महत्वपूर्ण जीवाश्म मिलने की संभावना है।वैज्ञानिकों ने इस पूरे क्षेत्र में व्यापक शोध कराने और इसे जीवाश्म संरक्षित क्षेत्र घोषित करने की जरूरत बताई है। इस संबंध में आईआईटी गांधीनगर में हुई बैठक में भी चर्चा की गई थी। साथ ही जीवाश्म संरक्षण क्षेत्र बनाने का प्रस्ताव यूनेस्को को भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed