शिवराज की धमकी से डरे राहुल ने अपने बयान पर मारी पलटी, बोले- मैं कन्फ्यूज हो गया था
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह की कानूनी कार्रवाई की चेतावनी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने बयान से पलट गए हैं। आज राहुल ने इसे लेकर सफाई देते हुए कहा कि सीएम ने पनामा नहीं ई-टेंडरिंग और व्यापमं घोटाला किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया था कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान का नाम पनामा पेपर्स घोटाले में शामिल है। राहुल गांधी ने अपनी गलती मानते हुए कहा है कि भाजपा में इतना भ्रष्टाचार है कि मैं कल कन्फ्यूज हो गया था। मध्य प्रदेश के सीएम ने पनामा नहीं किया, उन्होंने तो ई-टेंडरिंग और व्यापमं घोटाले किए हैं।
बता दें कि मध्य प्रदेश में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसको देखते हुए राहुल गांधी प्रदेश के 2 दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान सोमवार को झाबुआ में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा था, 'पनामा पेपर्स मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे का नाम भी सामने आया है, लेकिन उनपर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जबकि पाकिस्तान जैसे देश ने इसी मामले को लेकर अपने पूर्व प्रधानमंत्री (नवाज शरीफ) को दंडित कर जेल में डाल दिया।'
राहुल गांधी के इसी बयान पर शिवराज सिंह चौहान भड़क गए थे और उन्होंने राहुल गांधी पर मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी दी थी। उन्होंने सोमवार की रात एक ट्वीट करते हुए लिखा था, 'पिछले कई वर्षों से कांग्रेस मेरे और मेरे परिवार के ऊपर अनर्गल आरोप लगा रही है। हम सबका सम्मान करते हुए मर्यादा रखते हैं, लेकिन आज तो राहुल गांधी ने मेरे बेटे कार्तिकेय का नाम पनामा पेपर्स में आया है कह कर, सारी हदें पार कर दी। कल ही हम उन पर मानहानि का दावा करेंगे।'
पिछले कई वर्षों से कांग्रेस मेरे और मेरे परिवार के ऊपर अनर्गल आरोप लगा रही हैं। हम सबका सम्मान करते हुए मर्यादा रखते हैं, लेकिन आज तो @RahulGandhi जी ने मेरे बेटे @yuva_kartikey का नाम पनामा पेपर्स में आया है कहा कर, सारी हदें पार कर दी! कल ही हम उन पर मानहानि का दावा कर रहे है।
— ShivrajSingh Chouhan (@ChouhanShivraj) October 29, 2018
शिवराज के बेटे ने भी राहुल से माफी मांगने को कहा था
आज @RahulGandhi जी ने मुझे ‘पनामा पपेर्स’ में संलिप्त होने का झूठा बयान दिया है।मैं व्यथित हूँ कि बचपने की आड़ में सार्वजनिक मंच से मेरी व मेरे परिवार की प्रतिष्ठा खंडित की गई है।
— Kartikey Singh Chauhan (@yuva_kartikey) October 29, 2018
यदि 48 घंटे में उन्होंने माफी नहीं मांगी तो मैं उनपर कठोरतम कानूनी कार्यवाही के लिए बाध्य हो जाऊँगा
गौरतलब है कि सोमवार को शिवराज सिंह चौहान ने भी कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा था, 'कांग्रेस की यह संस्कृति रही है कि वो हमेशा भाजपा के जमीन से जुड़े नेताओं को नीचा दिखाती है। प्रधानमंत्री को मौत का सौदागर, नीच और बिच्छू कहा, मुझे नालायक और मदारी जैसे कई विशेषण दिए। सत्ता से दूर रहना शायद उनके लिए मुश्किल हो रहा है और उनके मानसिक संतुलन पर असर कर रहा है।'
