Indore: दोस्तों के साथ नए साल का जश्न मनाने गए युवक की सड़क हादसे में मौत
रात को एक रेस्त्रां में खाना खाकर वह रात को घर लौट रहा था। चोइथमराम मंडी के समीप साढ़े 12 बजे उसकी बाइक असंतुलित हुई और वह सड़क के डिवाईडर से टकरा गया।
विस्तार
साल के पहले दिन एक सड़क हादसे में एक युवक को अपनी जान गंवाना पड़ी। वह दोस्तों के साथ रात को एक रेस्त्रां में खाना खाकर घर लौट रहा था। इस दौरान उसकी बाइक डिवाईडर से टकरा गई। सिर पर लगी गंभीर चोट की वजह से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने युवक की आंखे व त्वचा दान की।
हादसा रविवार रात को चोइथराम क्षेत्र में हुआ। निजी बैंक में काम करने वाले युवक नमन पिता महेंद्र राजपूत अपने दो दोस्तों के साथ गया था। रात को एक रेस्त्रां में खाना खाकर वह रात को घर लौट रहा था।
चोइथमराम मंडी के समीप साढ़े 12 बजे उसकी बाइक असंतुलित हुई और वह सड़क के डिवाईडर से टकरा गया। दोस्त ने दूसरे लोगों की मदद से उसे एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को हादसे का पता चला तो वह खंडवा से इंदौर पहुंचे।
पढ़ाई के लिए आया था इंदौर
नमन पिछले साल पढ़ाई के लिए इंदौर आया था। उसकी एक निजी बैंक में जाॅब भी लग गई थी। नमन का परिवार खंडवा में रहता है। नमन की तीन बहनें है। वह इकलौता भाई था। वह अनूप नगर में अपने दोस्त के साथ किराए के मकान में रहता था। हादसे में मृत घोषित किए जाने के बाद पिता ने संस्था मुस्कान से संपर्क किया। उन्होंने आंखे व त्वचा दान करने की इच्छा जताई, ताकि नमन की आंखों से किसी की दुनिया रोशन हो सके। अंत्येष्टी के पहले नमन की आंखे व त्वचा डोनेट की गई।
