Indore News: लेडी डॉन और सस्पेंडेड जेल प्रहरी की ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़
Indore News: इंदौर पुलिस ने 20 वर्षीय युवती 'लेडी डॉन' श्रुति निषाद और निलंबित जेल प्रहरी दीपक यादव को ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। उनके पास से 10 लाख की ब्राउन शुगर, एमडी ड्रग्स और एक कार बरामद की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ करते हुए 20 वर्षीय युवती श्रुति निषाद, जिसे 'लेडी डॉन' के नाम से जाना जाता है, और उसके साथी 37 वर्षीय निलंबित जेल प्रहरी दीपक यादव को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 20.30 ग्राम ब्राउन शुगर, 10.22 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक होंडा अमेज कार जब्त की गई है। जब्त किए गए ड्रग्स की कीमत 10 लाख रुपए आंकी गई है। शुक्रवार शाम को क्राइम ब्रांच ने मुखबिर की सूचना पर MR-4 रोड पर घेराबंदी कर इन्हें पकड़ा। पुलिस के अनुसार, दोनों राजस्थान से ड्रग्स लाकर इंदौर में सप्लाई करते थे।
निलंबित दीपक यादव पर है घरेलू हिंसा का केस
श्रुति निषाद, जो हाई प्रोफाइल पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करने के साथ-साथ डांस परफॉर्म भी करती थी, खुद नशे की आदी है। उस पर पहले से मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। दीपक यादव, जो मॉडल विलेज कॉलोनी इंदौर का निवासी है, आलीराजपुर में जेल प्रहरी के रूप में कार्यरत था, लेकिन लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित था। वह पहले देवास और इंदौर की सेंट्रल जेल में भी तैनात रह चुका है। दीपक को 2009 में अपने पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति पर जेल प्रहरी बनाया गया था। हालांकि, उस पर उसकी पत्नी ने दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया था।
राजस्थान से ड्रग्स लाकर इंदौर में सप्लाई करता था
पुलिस ने बताया कि सस्पेंड होने के बाद दीपक अपनी मौसी के घर रहने लगा और ड्रग्स की लत का शिकार हो गया। इसी दौरान वह श्रुति के संपर्क में आया। दोनों ने मिलकर ड्रग्स तस्करी का काम शुरू किया। दीपक टोल नाकों और पुलिस चेकिंग से बचने के लिए अपने पुलिस आईडी कार्ड का इस्तेमाल करता था। उसकी गाड़ी पर 'पुलिस' लिखा हुआ था, जिससे किसी को शक नहीं होता था। वह इस बहाने राजस्थान से ड्रग्स लाकर इंदौर में सप्लाई करता था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दीपक का जेल में भी कोई ड्रग्स सप्लाई का नेटवर्क तो नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जेल प्रशासन को भी इसकी सूचना दी है।
