फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Indore News ›   Indore News: City's First Elevated Metro Ride Wows Citizens with Aerial Experience

Indore News: मेट्रो शुरू, स्टेशनों के नाम वीरांगनाओं के नाम पर रखे, एक सप्ताह फ्री टिकट

Sat, 31 May 2025 05:05 PM IST
अर्जुन रिछारिया अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर Published by: अर्जुन रिछारिया Updated Sat, 31 May 2025 05:05 PM IST
सार

Indore News: इंदौर की पहली मेट्रो ट्रेन आज शुरू हुई और लोगों की खुशी देखने लायक थी। हवा में चलती मेट्रो को देखकर इंदौरवासी बोले अपन तो सुपरमैन बन गए! पीएम मोदी ने  मेट्रो का वर्चुअल शुभारंभ किया और इसे विकास की रफ्तार बताया। 

विज्ञापन
Indore News: City's First Elevated Metro Ride Wows Citizens with Aerial Experience
इंदौर में शुरू हुई मेट्रो ट्रेन में खुश महिलाएं। फोटो- जयेश मालवीय - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर

विस्तार

इंदौर की गति को रफ्तार देने वाली मेट्रो ट्रेन आज शुरू हो गई। पहले ही सफर में इंदौरियों की खुशी देखते ही बन रही थी। कोई ट्रेन को छूकर देख रहा था तो कोई ट्रैक के आसपास सेल्फी खिंचवा रहा था। हजारों लोगों की उत्सुक भीड़ को देखकर मेट्रो के स्टाफ की भी खुशियां दोगुनी हो गई। मेट्रो को तैयार करने वाले अधिकारी और कर्मचारी भी इंदौरियों की खुशी देखकर अपनी मेहनत पर गर्व कर रहे थे। आज सुबह 12 बजे जैसे ही पीएम मोदी ने भोपाल से इंदौर की मेट्रो का वर्चुअल शुभारंभ किया हर किसी के चेहरे पर खुशी देखने लायक थी। 
विज्ञापन


उमड़ी जनता, लगे भारत माता की जय के नारे
पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भोपाल में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन से इंदौर मेट्रो का वर्चुअल लोकर्पण किया। भोपाल में महिला सम्मेलन में पहुंचे पीएम मोदी का लाइव इंदौर के देवी अहिल्या बाई होलकर मेट्रो टर्मिनल पर प्रसारित किया गया। पीएम ने भाषण के दौरान वंदे मातरम् के नारे लगवाए। इस पर इंदौर का टर्मिनल भी वंदे मातरम् से गूंज उठा। इंदौर में पहली राइड के बाद मेट्रो से बाहर निकलते ही टर्मिनल पर महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भोपाल में पीएम मोदी के वर्चुअल लोकार्पण करने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और सांसद शंकर लालवानी ने इंदौर मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी मौजूद रहे।
विज्ञापन


7 बजे पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शाम को इंदौर आए। इंदौर एयरपोर्ट से सीधे नव उद्घाटित मेट्रो रेल परियोजना के गांधीनगर क्षेत्र में स्थित देवी अहिल्याबाई मेट्रो स्टेशन पहुंचे। यहां से उन्होंने मेट्रो रेल में बैठकर सफर किया। वे सैकड़ों महिला यात्रियों के साथ सफर में अहिल्याबाई मेट्रो स्टेशन से झलकारी बाई मेट्रो स्टेशन तक पहुंचे। उसके पश्चात वहां से वापस अहिल्याबाई मेट्रो स्टेशन आए। इस दौरान वे इंजन में पहुंचे तथा उन्होंने मेट्रो रेल संचालन की व्यवस्थाओं को देखा। इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों से चर्चा कर मेट्रो रेल संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अपने सफर के दौरान महिला यात्रियों से भी चर्चा की और उनके अनुभव जाने। स्टेशन पहुंचते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


11 मिनट में 5.9 किमी का सफर किया
मेट्रो देवी अहिल्याबाई होल्कर टर्मिनल से 12.09 बजे पर निकली। 11 मिनट का सफर कर 12.20 बजे वीरांगना झलकारी बाई स्टेशन पहुंची। मेट्रो ने 5.9 किमी का सफर 11 मिनट में पूरा किया। ये आखिरी स्टेशन है। दो मिनट के स्टॉपेज के बाद मेट्रो यहां से 12.22 बजे रवाना हुई और 12.34 बजे टर्मिनल पर लौटी। 

महिलाओं को दी गई पहली राइड
मेट्रो की पहली राइड महिलाओं को समर्पित की गई। मां अहिल्या की जन्म जयंती के मौके पर मिली मेट्रो की पहली राइड को सिर्फ महिलाओं ने ही संचालित किया। ड्राइवर से लेकर पूरा स्टाफ महिलाओं का था। पहली राइड में सिर्फ महिला पैसेंजर्स को ही मौका दिया गया। एक सप्ताह तक इंदौर के नागरिकों के लिए मेट्रो का सफर पूरी तरह से निःशुल्क रहा। 

वीरांगनाओं के नाम पर रखे स्टेशन
इंदौर मेट्रो के टर्मिनल का नाम देवी अहिल्या बाई होल्कर के नाम पर रखा गया है। इसके अलावा सभी स्टेशनों के नाम भी वीरांगनाओं के नाम पर रखे गए हैं, जिनमें महारानी लक्ष्मीबाई स्टेशन, रानी अवंती बाई लोधी स्टेशन, रानी दुर्गावती स्टेशन और वीरांगना झलकारी बाई स्टेशन शामिल हैं। 6 किलोमीटर का यह यलो लाइन का सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर है।


इंदौर मेट्रो में एक सप्ताह मुफ्त सफर
पहले सप्ताह मेट्रो का सफर बिलकुल मुफ्त रहेगा। दो स्टेशनों के बीच का किराया 20 रुपए रखा गया है। जबकि दो से ज्यादा स्टेशन होने पर 30 रुपए किराया देना होगा। ये जानकारी इंदौर मेट्रो की ओर से दी गई है।



नेताओं ने इसे इतिहासिक पल बताया
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया कि इंदौर की जनता को मेट्रो ट्रेन की सौगात मिलना मेरे लिए बड़ी प्रसन्नता की बात है। 14 सितंबर 2019 को कांग्रेस सरकार के दौरान मुख्यमंत्री के रूप में मुझे इस परियोजना का शिलान्यास करने का सौभाग्य मिला था। आशा है कि मैंने इंदौर के बेहतर भविष्य का जो सपना देखा था और जो विकास की परिकल्पना की थी, उस पर यह मेट्रो परियोजना खरी उतरेगी। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कार्यक्रम में कहा कि 18वीं सदी में माता देवी अहिल्याबाई ने महिला सशक्तिकरण की शुरुआत की थी। तब अमेरिका जैसे राष्ट्र भी ये काम नहीं कर पाए थे। इसलिए महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए हमने सभी मेट्रो के स्टेशन नाम वीरांगनाओं के नाम पर रखे हैं। महापौर पुष्यमित्र भार्गव बोले कि सफाई में नंबर वन होने के साथ ही अब इंदौर डेवलपमेंट में भी देश में नंबर वन शहर बनेगा। इंदौर निगमायुक्त शिवम वर्मा ने कहा कि हर स्टेशन की अपनी लोकल एरिया प्लानिंग होती है, जिसमें पार्किंग की भी फैसिलिटी रहती है। मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी जैसे मेट्रो स्टेशन के पास लोकल बसों का नेटवर्क हो। अभी फीडर बसें लगाई गई हैं। कुछ समय में ई-रिक्शा भी यहां चलने लगेंगे। सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि आज इंदौर मेट्रो का शुभारंभ हो रहा है, ये शहर के लिए बड़ी सौगात है। खुशी की बात ये है कि सभी यात्री हमारी मातृशक्ति हैं। 
 


लोग बोले अब उज्जैन पीथमपुर भी ले जाओ भिया
इंदौरियों की खुशी का ठिकाना नहीं था। कोई कह रहा था कि ये ट्रेन हवा में क्यों चल रही है भिया, कोई कह रहा था कि अपना इंदौर को गजब कर रिया है। लोगों ने मेट्रो पर खुशी जताते हुए कहा कि अब तो विजय नगर, राजबाड़ा नहीं मेट्रो से उज्जैन और पीथमपुर का भी सफर होना चाहिए। बस के धक्के खाकर थक गए हैं अब तो हवा में सुपरमैन की तरह उड़कर महाकाल दर्शन को जाएंगे। 

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed