{"_id":"6abca461244253fa940325ca","slug":"70-year-old-man-dies-of-swine-flu-stirs-at-district-hospital-chhindwara-news-c-1-1-noi1218-4781346-2026-09-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"छिंदवाड़ा: स्वाइन फ्लू से बुजुर्ग की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन सतर्क, सैनेटाइज कर सील किया आइसोलेशन वार्ड","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
छिंदवाड़ा: स्वाइन फ्लू से बुजुर्ग की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन सतर्क, सैनेटाइज कर सील किया आइसोलेशन वार्ड
Wed, 30 Sep 2026 02:00 PM IST
छिंदवाड़ा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छिंदवाड़ा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, छिंदवाड़ा
Published by: छिंदवाड़ा ब्यूरो
Updated Wed, 30 Sep 2026 02:00 PM IST
सार
स्वाइन फ्लू से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया है। मरीज की मौत के बाद वार्ड को सैनेटाइज कर फिलहाल बंद कर दिया गया है।
विज्ञापन
जिला अस्पताल, छिंदवाड़ा
विस्तार
जिले में स्वाइन फ्लू से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला अस्पताल प्रबंधन सतर्क हो गया है। अतरवाड़ा निवासी बुजुर्ग को बुखार और सांस लेने में तकलीफ के बाद 15 सितंबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में 23 सितंबर को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उन्हें आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर उपचार शुरू किया गया था। करीब दो सप्ताह तक चले इलाज के बाद मंगलवार अलसुबह उनकी हालत बिगड़ने से मौत हो गई।
विज्ञापन
मरीज की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने एहतियाती कदम उठाते हुए संबंधित आइसोलेशन वार्ड को सैनेटाइज कराया और फिलहाल बंद कर दिया है। वार्ड में तैनात डॉक्टरों और कर्मचारियों को संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार फिलहाल स्वाइन फ्लू का कोई नया मरीज सामने नहीं आया है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: धार में आबकारी विभाग व पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाकानेर में 40 लाख की अवैध शराब जब्त, चालक और मालिक पर एफआईआर
विज्ञापन
बता दें कि बुजुर्ग की हालत गंभीर होने के कारण अस्पताल में भर्ती के बाद से ही उनकी लगातार निगरानी की जा रही थी। स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद संक्रमण के संभावित खतरे को देखते हुए आइसोलेशन वार्ड में उनके उपचार की व्यवस्था की गई। मरीज की निगरानी के लिए दो डॉक्टरों की ड्यूटी भी लगाई गई थी।
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक मंगलवार सुबह उपचार के दौरान मरीज की हालत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने संक्रमण संबंधी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए शव को निर्धारित प्रक्रिया के तहत वाहन से अतरवाड़ा गांव भेजा। परिवार के लोगों को भी आवश्यक सावधानियों के साथ शव सौंपा गया।
सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे ने बताया कि स्वाइन फ्लू से पीड़ित बुजुर्ग मरीज ने मंगलवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। प्रोटोकॉल के तहत शव परिवार को सौंप दिया गया है।
