Bhopal: जालसाज फर्जी चेक थमाकर व्यापारी से 100 कुकर ले गया, धोखाधड़ी दर्ज, मोबाइल नंबर के आधार पर तलाश
Bhopal: तलैया थाना पुलिस ने एक बर्तन व्यवसायी की रिपोर्ट पर अज्ञात मोबाइल फोन धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपी ने व्यवसायी को फर्जी चैक देकर 100 पीस कुकर खरीदे और उन्हें लेकर गायब हो गया। बैंक से चेक वापस लौटने पर जालसाज पहले पेमेंट करने का झांसा देता रहा और बाद में उसने मोबाइल फोन बंद कर लिया।
विस्तार
पुलिस के मुताबिक प्रभु नगर ईदगाह हिल्स शाहजहांनाबाद निवासी अमरदीप सदाना बर्तन व्यवसायी हैं। कोतवाली इलाके में उनकी अमरदीप कुकर एण्ड गिफ्ट सेंटर के नाम से बर्तन की दुकान है। बीती 12 जनवरी को संजय नामक व्यक्ति ने उन्हें फोन किया और 100 पीस कुकर खरीदने की बात कही। अमरदीप ने उसे कुकर का रेट बता दिया। अगले दिन एक ऑटो वाला अमरदीप की दुकान पर पहुंचा और उन्हें 1 लाख 18 हजार 850 रुपए का चेक देकर कुकर लोड कराने की बात कही।
यह चेक अरेरा कालोनी स्थित निजी बैंक का था। अमरदीप ने ऑटो चालक से चेक लेने के बाद इतवारा स्थित अपने परिचित की आदिनाथ ट्रेडर्स से उसके ऑटो में 100 पीस कुकर लोड करवा दिए। अमरदीप ने जब उक्त चेक बैंक में डाला तो उसमें शब्दों और अंकों में लिखी गई रकम में अंतर होने के कारण बैंक ने वापस कर दिया। इसकी जानकारी अमरदीप ने जब संजय को फोन पर दी तो उसने बोला कि अभी शहर से बाहर है, वापस लौटते ही दूसरा चेक देगा या फिर नकद में भुगतान कर देगा। कई दिनों तक उनके बीच बातचीत चलती रही, लेकिन बाद में संजय ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।
बताया गया पता निकला फर्जी
कुकर खरीदने वाले ने अपनी फर्म का नाम पैराडाईस इंटर प्राइजेस कटारा हिल्स बताया था। अमरदीप जब उसके बताए गए पते पर पहुंचे तो मालूम चला कि इस प्रकार की कोई फर्म वहां नहीं है। उसके बाद जब उन्होंने कुकर लोड करके ले जाने वाले ऑटो वाले को तलाश किया। ऑटो वाले ने बताया कि एक व्यक्ति ने उसे चेक दिया और बोला कि अमरदीप कुकर एण्ड गिफ्ट सेंटर से 100 पीस कुकर लोड करके कटारा हिल्स पहुंचाना है। जब वह कुकर लोड करके निकला तो रास्ते में फोन आया कि उक्त माल लालघाटी चौराहे पर उतारना है। उसके बाद बोला गया कि उक्त माल लेकर न्यू चिरायु अस्पताल सीहोर पहुंचाना है। जब वह चिरायु अस्पताल के पास पहुंचा तो पूरा माल उतरवा लिया गया और उसे भाड़े के रूप में सात सौ रुपये का भुगतान किया गया।
