Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Bhopal News ›   Preparing for a new political innings in MP Congress?: Factionalism surfaces over posters for Nakul Nath’s sho

एमपी कांग्रेस में नई सियासी पारी की तैयारी?: नकुलनाथ के शक्ति प्रदर्शन के पोस्टर पर गुटबाजी, बीजेपी का तंज

Sat, 14 Nov 2026 01:47 PM IST
Sandeep Kumar Tiwari न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल Published by: Sandeep Kumar Tiwari Updated Sat, 14 Nov 2026 01:47 PM IST
सार

2028 विधानसभा चुनाव से पहले नकुलनाथ भोपाल में शक्ति प्रदर्शन कर प्रदेश की राजनीति में सक्रियता बढ़ा रहे हैं। स्वागत पोस्टरों से जीतू पटवारी, उमंग सिंघार और दिग्विजय सिंह की तस्वीरें गायब होने पर कांग्रेस में गुटबाजी की चर्चा तेज हो गई है। भाजपा ने इसे वर्चस्व की लड़ाई बताया, वहीं सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि कांग्रेस किसी व्यक्ति की नहीं, संगठन की मजबूरी है।

विज्ञापन
Preparing for a new political innings in MP Congress?: Factionalism surfaces over posters for Nakul Nath’s sho
भोपाल पहुंचे नकुलनाथ - फोटो : अमर उजाला

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्य प्रदेश कांग्रेस में 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच नेतृत्व और राजनीतिक विरासत की लड़ाई के संकेत फिर मिलने लगे हैं। पार्टी अभी विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार से उबरकर संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रही है, लेकिन इसी बीच कांग्रेस के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के परिवारों की अगली पीढ़ी की सक्रियता ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे और छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ शनिवार को भोपाल में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने जा रहे हैं। इसे उनकी प्रदेश की राजनीति में री-लॉन्चिंग के तौर पर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि इस आयोजन की कमान कमलनाथ की गैरमौजूदगी में नकुलनाथ संभाल रहे हैं।हालांकि, नकुलनाथ के स्वागत में लगाए गए पोस्टरों ने इस शक्ति प्रदर्शन से पहले ही कांग्रेस के भीतर नई बहस छेड़ दी है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों पर लिखा है- मध्य प्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है। पोस्टर में नकुलनाथ और कमलनाथ के साथ कुछ अन्य नेताओं को जगह दी गई है, लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की तस्वीरें गायब हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की तस्वीर भी पोस्टर में नहीं है। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या नकुलनाथ के समर्थक उन्हें प्रदेश कांग्रेस में एक नए नेतृत्व विकल्प के रूप में पेश करने की तैयारी कर रहे हैं? इस पोस्टरबाजी पर भाजपा ने कांग्रेस के भीतर वर्चस्व की लड़ाई का आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता अजय सिंह यादव का कहना है कि नकुलनाथ को स्थापित करने की कोशिशों के बीच जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं का पोस्टरों से गायब होना कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को दिखाता है। वहीं, कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने पोस्टर को एक कार्यकर्ता की व्यक्तिगत भावना बताते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को कांग्रेस की मजबूरी बताना सही नहीं है। उनके मुताबिक 2028 का चुनाव जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व में ही लड़ा जाना चाहिए।
विज्ञापन


कमलनाथ की गैरमौजूदगी में बेटे के हाथ में आयोजन की कमान
14 नवंबर को श्यामला हिल्स स्थित कमलनाथ के बंगले पर दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रदेशभर के कांग्रेस विधायकों, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन में पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के साथ 18 नवंबर को आने वाले कमलनाथ के जन्मदिन का कार्यक्रम भी जुड़ा है। कमलनाथ पहले ही अपनी व्यस्तताओं के चलते शामिल नहीं हो पाने का संदेश दे चुके हैं। ऐसे में पहली बार प्रदेशभर से आने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं की अगवानी की जिम्मेदारी नकुलनाथ संभालेंगे। इस आयोजन को महज पारिवारिक या दीपावली मिलन समारोह मानना मुश्किल है। लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा की पारंपरिक सीट गंवाने के बाद नकुलनाथ की प्रदेश स्तर पर सक्रियता कम दिखाई दी थी। अब भोपाल में समर्थकों का जमावड़ा कर वे अपनी राजनीतिक मौजूदगी और स्वीकार्यता का संदेश देना चाहते हैं।
विज्ञापन


पोस्टर पर भाजपा ने उठाए सवाल, कांग्रेस ने बताया कार्यकर्ता की भावना
भाजपा प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के अंदर वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। नकुलनाथ को स्थापित करने की कोशिशों के बीच पोस्टरों से जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं का गायब होना इसी संघर्ष को दिखाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में बैनर और पोस्टरों की राजनीति पुरानी संस्कृति बन चुकी है। पार्टी के नेता एक-दूसरे को नीचा दिखाने में लगे रहते हैं और जनता के बीच अपनी जगह बनाने के बजाय आपसी खींचतान में उलझे रहते हैं। वहीं, कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने पोस्टर को ज्यादा तूल देने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता ने 50 रुपये के पोस्टर में अपनी भावनाएं व्यक्त कर दी हैं। बहुत सारे पोस्टर नहीं लगे हैं। इसे पार्टी की आधिकारिक सोच नहीं माना जाना चाहिए। वर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिसके हाथ में कांग्रेस का झंडा होगा, उसी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने नकुलनाथ की री-लॉन्चिंग की बात को भी गलत बताया। उनका कहना है कि जो व्यक्ति देश की सर्वोच्च संस्था संसद का सदस्य रह चुका है, उसका अपना राजनीतिक अस्तित्व है। उसे दोबारा लॉन्च करने की बात करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस देश और प्रदेश के लिए मजबूरी है, कोई व्यक्ति कांग्रेस की मजबूरी नहीं हो सकता। वर्मा ने साफ किया कि प्रदेश में 2028 का विधानसभा चुनाव जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व में ही लड़ा जाना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन


कौन हैं नकुलनाथ, कब शुरू हुआ राजनीतिक सफर?
नकुलनाथ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और अलका नाथ के बेटे हैं। उनका जन्म 21 जून 1974 को हुआ था। उन्होंने अमेरिका के बे स्टेट कॉलेज, बोस्टन से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक की पढ़ाई की है। राजनीति में आने से पहले उनका पेशा व्यवसाय रहा है। नकुलनाथ ने 2019 के लोकसभा चुनाव से चुनावी राजनीति में कदम रखा। कांग्रेस ने उन्हें छिंदवाड़ा से उम्मीदवार बनाया। उस समय मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस केवल छिंदवाड़ा सीट जीत सकी थी। नकुलनाथ ने भाजपा के नत्थन शाह को 37,536 वोटों से हराकर पहली बार संसद में प्रवेश किया। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें फिर छिंदवाड़ा से टिकट दिया। इस बार भाजपा के विवेक बंटी साहू ने उन्हें 1 लाख 13 हजार 618 वोटों से हरा दिया। यह हार इसलिए भी बड़ी थी क्योंकि छिंदवाड़ा करीब चार दशक से कमलनाथ परिवार का मजबूत राजनीतिक गढ़ रहा था। कमलनाथ यहां से नौ बार सांसद चुने गए थे। नकुलनाथ की हार के साथ इस गढ़ पर कांग्रेस का कब्जा भी खत्म हो गया। अब नकुलनाथ के सामने सबसे बड़ी चुनौती छिंदवाड़ा की राजनीति से बाहर निकलकर पूरे प्रदेश में अपनी पहचान और समर्थकों का आधार तैयार करना है।

कांग्रेस में गुटबाजी का पुराना इतिहास, सत्ता भी गंवा चुकी है पार्टी
मध्य प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी कोई नई बात नहीं है। पार्टी के भीतर कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलग-अलग राजनीतिक प्रभाव वाले गुट लंबे समय से चर्चा में रहे हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 15 साल बाद सत्ता में वापसी की थी। पार्टी को 114 सीटें मिली थीं और कमलनाथ मुख्यमंत्री बने थे। लेकिन सरकार बनने के बाद भी नेताओं के बीच खींचतान लगातार सामने आती रही। 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थकों के बीच प्रदेश अध्यक्ष पद और राजनीतिक प्रभाव को लेकर विवाद सार्वजनिक होने लगे थे। मंत्रियों के बयान, पोस्टरबाजी और एक-दूसरे पर आरोपों ने संगठन की अंदरूनी स्थिति को उजागर किया। मार्च 2020 में यह खींचतान बड़े राजनीतिक संकट में बदल गई। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। उनके समर्थक विधायकों के इस्तीफों के बाद कमलनाथ सरकार अल्पमत में आ गई और करीब 15 महीने में ही सत्ता गंवानी पड़ी। इस घटनाक्रम ने कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक नुकसान पहुंचाया।

2023 की हार के बाद भी नहीं थमी खींचतान
2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कमलनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ा, लेकिन पार्टी को केवल 66 सीटें मिलीं। भाजपा ने 163 सीटों के साथ सत्ता में वापसी की। इसके बाद कमलनाथ की जगह जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया। उमंग सिंघार नेता प्रतिपक्ष बने। इसके बावजूद पार्टी के भीतर अलग-अलग नेताओं के समर्थकों के बीच खींचतान की चर्चाएं जारी रहीं। जनवरी 2025 में जीतू पटवारी ने भी पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी को गंभीर समस्या बताते हुए इसे खत्म करने की जरूरत कही थी। इससे साफ था कि विधानसभा चुनाव की हार के बाद भी कांग्रेस संगठन के भीतर एकजुटता की चुनौती बनी हुई है।



यह भी पढ़ें-पहाड़ों की बर्फबारी का एमपी में असर: बीस शहरों में रात का पारा 15 डिग्री से नीचे, अगले पांच दिन बढ़ेगी ठिठुरन

दिग्विजय के बेटे जयवर्धन सक्रिय, अब कमलनाथ के बेटे की बारी
कांग्रेस में बड़े नेताओं की अगली पीढ़ी की सक्रियता भी इन दिनों चर्चा में है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह अपने पिता की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। वहीं अब कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ भोपाल में प्रदेशभर के नेताओं को जुटाकर अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में हैं। इस बीच दिग्विजय सिंह ने हाल ही में 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व की बात कही थी। उनके इस बयान को मौजूदा प्रदेश नेतृत्व के समर्थन के रूप में देखा गया। दूसरी तरफ नकुलनाथ के समर्थन में लगे पोस्टरों का संदेश अलग राजनीतिक संकेत दे रहा है।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed