फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Bhopal News ›   MP: Sugam Parivahan Seva Begins After 21 Years, Private Operators to Run Buses; Govt to Monitor

मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू,निजी ऑपरेटर चलाएंगे बसें; सरकार करेगी निगरानी, जानें क्या है खास

Fri, 25 Sep 2026 01:59 PM IST
Anand Pawar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: Anand Pawar Updated Fri, 25 Sep 2026 01:59 PM IST
सार

मध्यप्रदेश में 21 साल बाद सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था नए स्वरूप में शुरू हुई है। पहले चरण में सात शहरों में 351 बसें चलेंगी, जिनका संचालन निजी ऑपरेटर करेंगे। बसों की लोकेशन, रूट और समयबद्धता की निगरानी सरकार करेगी। 2031 तक प्रदेश में करीब 15 हजार बसों का नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य है।

विज्ञापन
MP: Sugam Parivahan Seva Begins After 21 Years, Private Operators to Run Buses; Govt to Monitor
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और सीएम मोहन यादव समेत अन्य मंत्री और अधिकारी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मध्यप्रदेश में 21 साल बाद सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था नए स्वरूप में शुरू हो गई है। शुक्रवार को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रिमोर्ट का बटन दबाकर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा का शुभारंभ किया। पहले चरण में सात शहरों में 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों का संचालन शुरू किया गया है। नई व्यवस्था में बसें निजी ऑपरेटर चलाएंगे, जबकि सरकार रूट, संचालन, समयबद्धता और यात्रियों से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी। बसों की लोकेशन और संचालन पर नजर रखने के लिए इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस), कमांड-कंट्रोल सेंटर और लाइव ट्रैकिंग जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। बसों में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी रखी गई हैं।
विज्ञापन


गडकरी बोले- ट्रांसपोर्ट से 40% प्रदूषण, इसकी जिम्मेदारी मेरी 
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के साथ प्रदूषण कम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की परिवहन व्यवस्था में सुधार के लिए पांच प्रमुख एजेंडा तय किए गए हैं और इनमें सबसे पहला क्लीन ट्रांसपोर्ट है। गडकरी ने कहा कि देश के वायु प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे खुद जिम्मेदारी लेते हैं। मध्यप्रदेश में प्रदूषण कम करने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की है। गडकरी ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन में अभी काफी सुधार की गुंजाइश है। उन्होंने बसों की गुणवत्ता को लेकर ऑल इंडिया बस एंड कार कन्फेडरेशन के अध्यक्ष प्रसन्ना पटवर्धन से कहा कि कंपनियों को तय मानकों के अनुसार बसें तैयार करने के लिए निर्देश दिए जाएं। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि बसों में जरूरी सुधार नहीं किए गए तो जिस तरह वे ठेकेदारों पर सख्ती करते हैं, उसी तरह बस क्षेत्र में भी कार्रवाई करेंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गरीब और आम यात्रियों को भी एसी बसों में बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। उनका लक्ष्य है कि डीजल बसों की तुलना में किराया करीब 30 प्रतिशत कम हो, ताकि सार्वजनिक परिवहन आम लोगों के लिए अधिक किफायती बन सके।
विज्ञापन


कार्यक्रम में गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 351 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही 21 साल बाद मध्यप्रदेश में सार्वजनिक बस परिवहन की नई व्यवस्था शुरू हुई। पहले चरण में भोपाल, इंदौर समेत सात शहरों में इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसें संचालित होंगी। सरकार ने पहले वर्ष 1,500 और वर्ष 2031 तक 15 हजार बसों का नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम के बाद गडकरी और मुख्यमंत्री नई बस में बैठकर रवाना हुए। दोनों ने बस के अंदर उपलब्ध सुविधाओं, यात्रियों की व्यवस्था और अन्य तकनीकी इंतजामों का जायजा लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


सीएम बोले- गांवों तक सड़क कनेक्टिविटी पहुंची
वहीं, इससे पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पांच लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का नेटवर्क तैयार हुआ है। इससे छोटे गांवों और कस्बों तक सड़क कनेक्टिविटी पहुंची है। ग्रामीण क्षेत्रों की शहरों से कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों का भी व्यापक नेटवर्क विकसित हुआ है। अब बेहतर सड़क नेटवर्क का लाभ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में लिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बसों के बेहतर प्रबंधन का उद्देश्य यात्रियों को सुविधाजनक और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया। बस सेवा को भी बंद कर दिया और अब हाय रे हाय कर रहे हैं।  

राहुल पर साधा निशाना, बोले राजकुमार मानने को तैयार नहीं
मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने बंगाल समेत कई राज्यों में चुनाव जीते हैं, लेकिन ‘राजकुमार’ इसे स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राजकुमार अपने खानदान के बलबूते पर राजनीति में हैं और उन्हें लगता है कि वे प्रधानमंत्री बनने के लिए पैदा हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत लोकतंत्र है और यहां जनता सब जानती है। आने वाले समय में एक लाख पदों पर भर्ती करेंगे। 

आईआईएम इंदौर और एसपीए के साथ हुआ एमओयू
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एमपीवायपीआईएल) ने आईआईएम इंदौर और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। एमपीवायपीआईएल के प्रबंध संचालक मनीष सिंह ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। इसके जरिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में शोध, तकनीकी विशेषज्ञता और बेहतर प्लानिंग को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा। सीएम ने कहा कि सरकार जनता के लिए लगातार काम कर रही हैं। 

ये भी पढ़ें-  भोपाल पुलिस-वकील विवाद: फटकार के बाद निलंबित टीआई ने सोशल मीडिया से हटाया वीडियो, अब विभागीय कार्रवाई के संकेत

सात शहरों में 351 बसों से शुरुआत
पहले चरण में सबसे ज्यादा बसें इंदौर में संचालित होंगी। शहरवार व्यवस्था इस तरह है। इंदौर: 145 बसें, इनमें 50 इंटरसिटी और 95 इंट्रासिटी, भोपाल: 106 बसें, इनमें 23 इंटरसिटी और 83 इंट्रासिटी, जबलपुर: 67 बसें, इनमें 14 इंटरसिटी और 53 इंट्रासिटी, रीवा: 18 इंटरसिटी बसें, देवास: 10 इंटरसिटी बसें, कटनी: 3 इंटरसिटी बसें, और भिंड: 2 इंटरसिटी बसें शामिल हैं। इस तरह शुरुआती चरण में शहरों के भीतर और शहरों के बीच, दोनों तरह की बस सेवाएं शुरू की गई हैं।

ये भी पढ़ें-  एमपी: शहपुरा टोल एक-दो दिन में होगा बंद, पुल बनने तक नहीं लगेगा शुल्क; लोकपथ एप पर मिलेगी बसों की जानकारी

निजी ऑपरेटर चलाएंगे बसें, सरकार की रहेगी निगरानी
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा को निजी जनभागीदारी यानी पीपीपी मॉडल पर संचालित किया जाएगा। बसों का संचालन निजी ऑपरेटर करेंगे, जबकि सरकार और उससे जुड़ी परिवहन व्यवस्था इनके संचालन की निगरानी करेगी। बसों के रूट, लोकेशन और समयबद्धता की निगरानी के लिए कमांड-कंट्रोल सेंटर बनाए गए हैं। मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और उसकी सात क्षेत्रीय कंपनियों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को संचालित किया जाएगा। 

ये भी पढ़ें- एमपी में आज से 351 बसों की दौड़, सीसीटीवी-पैनिक बटन से लैस; 15 हजार बसों का लक्ष्य, गडकरी-सीएम करेंगे शुभारंभ

आईटीएमएस से हर बस की रियल टाइम निगरानी
सेवा की सबसे अहम विशेषताओं में बसों की तकनीक आधारित निगरानी शामिल है। आईटीएमएस के जरिए बस की लोकेशन, संचालन और समयबद्धता पर रियल टाइम नजर रखी जाएगी। बसों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस लगाए गए हैं, जिससे उनकी लाइव लोकेशन पता चल सकेगी। यात्रियों को बस और यात्रा से जुड़ी जानकारी देने के लिए पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम भी इस्तेमाल किया जाएगा।


सीसीटीवी और पैनिक बटन से सुरक्षा
हर बस में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इससे बस के भीतर यात्रियों की सुरक्षा पर नजर रखी जा सकेगी। खास तौर पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगरानी व्यवस्था तैयार की गई है। आपात स्थिति में यात्री पैनिक बटन का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा बसों में लाइव लोकेशन ट्रैकिंग की सुविधा भी रहेगी।

ये भी पढ़ें-  मध्यप्रदेश: प्रदेश में मुफ्त रजिस्ट्री पर पटवारियों का विरोध जारी, सरकार के साथ बैठक बेनतीजा

प्रशिक्षित ड्राइवर संभालेंगे बसों का संचालन
नई व्यवस्था में बस चालकों के प्रशिक्षण पर भी जोर दिया गया है। चालकों को आधुनिक तकनीक, सुरक्षित ड्राइविंग और इलेक्ट्रिक व सीएनजी बसों के संचालन से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इंदौर और छिंदवाड़ा में इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च सेंटर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा भोपाल, बैतूल, छतरपुर, उज्जैन और ग्वालियर में पांच रीजनल ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर तथा जिला स्तर पर 22 ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर तैयार किए जा रहे हैं।

2031 तक 15 हजार बसों का लक्ष्य
सरकार ने इस सेवा को चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में विस्तार देने की योजना बनाई है। पहले वर्ष में करीब 1,500 बसें संचालित करने का लक्ष्य है। इसके बाद हर साल करीब 2,500 से 3,000 बसें जोड़ने की योजना है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2031 तक करीब 15 हजार बसों का नेटवर्क तैयार करना है। इसके साथ ही प्रदेश की करीब 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को बस सेवा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। यानी योजना का फोकस केवल शहरों तक सीमित न रहकर गांवों और शहरों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी है।

लोकपथ एप पर मिलेगी बसों की टाइमिंग
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा को डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा जा रहा है। आने वाले समय में इन बसों की समय-सारणी लोकपथ एप पर उपलब्ध कराई जाएगी। यात्री यह देख सकेंगे कि कौन-सी बस किस स्थान से चलेगी, उसका समय क्या है और उसे कहां से लिया जा सकता है। लोकपथ एप पर फिलहाल सड़क और मार्गों की जानकारी के साथ पर्यटन स्थल, टोल नाके, अस्पताल और पुलिस थानों जैसी जरूरी जानकारी उपलब्ध है।

स्मार्ट मॉनिटरिंग से लेकर पैनिक बटन तक
रियल टाइम मॉनिटरिंग- आईटीएमएस से बसों की लोकेशन, संचालन और समयबद्धता पर नजर।
कमांड-कंट्रोल सेंटर- बसों के संचालन और लोकेशन की निगरानी।
CCTV कैमरे- हर बस में यात्रियों की सुरक्षा के लिए कैमरे।
पैनिक बटन- आपात स्थिति में मदद के लिए सुविधा।
लाइव लोकेशन-ट्रैकिंग डिवाइस से बस की स्थिति की जानकारी।

यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम से बस और यात्रा की जानकारी।
प्रशिक्षित ड्राइवरों के जरिए बस संचालन।
यात्रियों की शिकायतों के समाधान की व्यवस्था।
तकनीक के जरिए सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा पर जोर।
शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों को बस कनेक्टिविटी से जोड़ने की योजना।

पीपीपी मॉडल पर चलेगी सेवा
निजी ऑपरेटर चलाएंगे बसें, सरकार करेगी निगरानी
निजी ऑपरेटरों के लिए कमाई के अतिरिक्त विकल्प
बसों में विज्ञापन से अतिरिक्त आय।
कार्गो सेवा से कमाई बढ़ाने का विकल्प।
आधुनिक डिपो और टर्मिनल सुविधाओं का इस्तेमाल।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed