भोपाल: फर्जी आईडी से होटल में ठहरना पड़ेगा भारी, एआई पकड़ेगा जाली दस्तावेज; रियल टाइम अलर्ट देगी पुलिस
भोपाल पुलिस होटलों में ठहरने वाले मेहमानों की आईडी का रियल टाइम ऑनलाइन वेरिफिकेशन करेगी। एआई सिस्टम फर्जी या छेड़छाड़ वाले दस्तावेजों को फ्लैग कर पुलिस को अलर्ट देगा। पायलट प्रोजेक्ट एमपी नगर से शुरू होकर पूरे शहर में लागू होगा।
विस्तार
राजधानी भोपाल के होटलों में फर्जी पहचान-पत्र (आईडी) के सहारे ठहरने वाले अपराधियों, संदिग्धों और जालसाजों पर अब पुलिस शिकंजा कसने की तैयारी में है। लव-जिहाद, दुष्कर्म, धोखाधड़ी और साइबर फ्रॉड जैसे मामलों में फर्जी आईडी के इस्तेमाल को देखते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नरेट अत्याधुनिक ऑनलाइन वेरिफिकेशन मैकेनिज्म लागू करने जा रहा है। इसके तहत होटल में ठहरने वाले हर अतिथि की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम तक रियल टाइम में पहुंचेगी। जाली या छेड़छाड़ किए गए दस्तावेज सामने आते ही एआई आधारित सिस्टम अलर्ट जारी करेगा। इस पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र एमपी नगर थाना क्षेत्र से की जा रही है।
सॉफ्टवेयर कंपनी के सहयोग से तैयार हो रहा डिजिटल प्लेटफॉर्म
भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार के अनुसार, एक निजी सॉफ्टवेयर कंपनी के सहयोग से कॉमन डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है। यह सिस्टम अंतिम चरण में है और जल्द ही आधिकारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा। एमपी नगर में इसके कामकाज और होटल संचालकों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर इसे भोपाल के सभी थाना क्षेत्रों में लागू किया जाएगा।
इस तरह काम करेगा नया सिस्टम
होटल संचालक चेक-इन के समय ही अतिथि का आईडी प्रूफ पुलिस के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करेंगे। होटल में आने और जाने वाले मेहमानों का पूरा डेटा पुलिस को डिजिटल रूप से लाइव दिखाई देगा। पोर्टल में मौजूद एआई और वेरिफिकेशन टूल फर्जी या छेड़छाड़ किए गए दस्तावेजों को फ्लैग करेंगे। इसके बाद संबंधित थाने और पुलिस कंट्रोल रूम को ऑटोमैटिक अलर्ट मिलेगा। इससे पुलिसकर्मियों को बार-बार होटलों में जाकर मैनुअल रजिस्टर खंगालने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पढे़ं: हेलीपैड का तीन क्विंटल वजनी गेट बच्चों पर गिरा, चार साल की दिव्या की मौत; भाई घायल
इसलिए पड़ी सख्त कदम की जरूरत
हाल के दिनों में राजधानी के होटलों में फर्जी दस्तावेजों के जरिए ठहरने के कई गंभीर मामले सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, जबलपुर में हत्या को अंजाम देकर आया एक आरोपी भोपाल के आईएसबीटी के पास स्थित होटल में फर्जी पहचान-पत्र के सहारे ठहरा था। पुलिस को इसकी भनक लगने तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था।
दूसरा मामला पिपलानी क्षेत्र का है। यहां एक होटल में फर्जी पहचान-पत्र के आधार पर एक युवक और दो लड़कियां ठहरी थीं। जांच में एक लड़की नाबालिग पाई गई। इसके बाद पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामले में नाबालिग के परिजन बनकर युवक को ब्लैकमेल कर ठगी करने वाली एक महिला सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
होटल संचालकों को भी मिलेगी राहत
पुलिस का मानना है कि नई व्यवस्था से अपराधियों की रियल टाइम ट्रैकिंग और त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी। साथ ही होटल संचालक भी अनजाने में किसी अपराधी या असामाजिक तत्व को ठहराने की स्थिति में होने वाली कानूनी कार्रवाई से बच सकेंगे। पुलिस के मुताबिक, डिजिटल वेरिफिकेशन की यह व्यवस्था राजधानी में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने में मददगार साबित होगी।
