24 को बरसाना में होली खेलेगी योगी सरकार, सदियों से 'रंगीली गली' में कायम है ये परंपरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के इतिहास में आगामी 24 फरवरी हमेशा के लिए इतिहास में दर्ज हो जाएगी। पूरी योगी सरकार उस दिन बरसाना (मथुरा) में नंदगांव से आए हुरियारों के साथ होली खेलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 फरवरी को ही दोपहर बाद मथुरा पहुंच जाएंगे। प्रदेश के संस्कृति विभाग की ओर से 22 फरवरी को वहां रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां शुरू हो जाएंगी।
योगी सरकार ने जिस तरह अयोध्या में दीपावली पर ‘दीपोत्सव’ का भव्य आयोजन किया था, उसी तरह होली के अवसर पर मथुरा में ‘रंगोत्सव’ मनाएगी। शासन के उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक, 23 फरवरी को मुख्यमंत्री मथुरा के लोहवन में फागुन उत्सव में शिरकत करेंगे। यमुना आरती भी करेंगे।
इसके बाद उसी दिन मुख्यमंत्री स्थानीय सांसद हेमा मालिनी की ओर से आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में देश और प्रदेश की जानी-मानी सांस्कृतिक हस्तियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी। बताते हैं कि पंडित जसराज और हरि प्रसाद चौरसिया सरीखी हस्तियों ने आयोजन में आने के लिए सहमति दे दी है। हेमा मालिनी स्वयं कथक नृत्य की प्रस्तुति दे सकती हैं। सीएम 23 फरवरी को मथुरा में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
विश्व प्रसिद्घ लट्ठमार होली का होगा शुभारंभ
24 फरवरी को मुख्यमंत्री माताजी गौशाला का भ्रमण करेंगे। वहां गोबर गैस प्लांट का उद्घाटन भी करेंगे। यहां बता दें कि 24 फरवरी को ही बरसाना की विश्व प्रसिद्ध लट्ठमार होली का शुभारंभ होगा। इसमें भाग लेने के लिए भारी संख्या में नंदगांव से हुरियारे बरसाना स्थित लाडली जी मंदिर आते हैं।
सदियों से वहां की रंगीली गली में लट्ठमार होली खेली जाती है। सीएम पहले वहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद रंगीली गली में होने वाले आयोजन का शुभारंभ करेंगे।
लट्ठमार होली के दौरान योगी आदित्यनाथ समेत उनके मंत्रिमंडल के सभी प्रमुख सदस्य मौजूद रहेंगे। इसके लिए प्रदेश का संस्कृति और पर्यटन विभाग मिलकर विशेष तैयारियां कर रहा है।