लखनऊ। नारी केवल परिवार ही नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की शक्ति का आधार है। विशेष रूप से सैनिकों की पत्नियों, माताओं और वीर नारियों का त्याग, साहस और धैर्य राष्ट्र की सुरक्षा में अप्रत्यक्ष किंतु अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। यह बातें बृहस्पतिवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सूर्य सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
इस मौके पर आर्मी महिला कल्याण एसोसिएशन की ओर से सैनिक परिवारों के कल्याण, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया और रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी किया। इस मौके पर सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेन गुप्ता, आर्मी महिला कल्याण एसोसिएशन की क्षेत्रीय अध्यक्ष रुचिरा सेन गुप्ता व सैनिक परिवारों के सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।