यूपी में महिला ने अपनी जेठानी को कुल्हाड़ी से काट डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अम्बेडकरनगर के राजेपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआईकला गांव में मामूली विवाद में शुक्रवार सुबह एक महिला ने जेठानी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। जब तक लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल में ले जाने की तैयारी करते, तब तक मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिवारीजन मायके पक्ष को सूचित करने के बाद शव का अंतिम संस्कार करने के लिए चांड़ीपुर घाट लेकर पहुंच गए। इसी बीच गांव पहुंचे मृतका के भाई ने थाने पहुंचकर पुलिस को अपनी बहन की हत्या की जानकारी दी।
इस पर पुलिस ने घाट पहुंचकर शव को अभिरक्षा में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर छह के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक गांव निवासिनी नीलम यादव (30) पत्नी हरिकेश यादव का देवरानी मिथिलेश से शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
आरोप है कि इसी बीच आक्रोशित मिथिलेश ने निकट रखी कुल्हाड़ी से नीलम पर एक के बाद एक कई प्रहार कर दिए।
इससे लहूलुहान नीलम जमीन पर गिरकर तड़पने लगी। नीलम को खून से लथपथ देख मिथिलेश वहां से भाग गई। चीख पुकार सुनकर पहुंचे परिवार के अन्य सदस्य व आसपास के लोग वहां का दूश्य देखकर सन्न रह गए।
जब तक नीलम को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जाती, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि इसकी जानकारी नीलम के मायके आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना अन्तर्गत कोलदुर्वासा गांव निवासी भाई अर्जुन यादव को दी गई।
जानें, क्या बोली पुलिस
जानकारी मिलते ही भाई अर्जुन जब नीलम के ससुराल पहुंचा तो परिवार के सदस्य शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए चांडीपुर घाट की तरफ रवाना हो चुके थे। इस पर अर्जुन थाने पहुंचा और पुलिस को मामले की जानकारी देने के साथ ही बहन की हत्या का केस दर्ज करने की तहरीर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजेसुल्तानपुर एसओ चंद्रभान यादव पुलिस बल के साथ चांडीपुर घाट पहुंचे और शव को अभिरक्षा में ले लिया। इसके बाद शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसओ श्री यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह लोगों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया गया है। छानबीन की जा रही है। बताया कि नीलम का पति हरिकेश छत्तीसगढ़ प्रांत में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है।
इसके दो बच्चे हैं, जो दिल्ली में परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहकर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। एसओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में देवरानी द्वारा किसी बात को लेकर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की जानकारी मिली है।