{"_id":"654a62e04a355b1d7d0da158","slug":"will-the-meeting-blossom-rahul-and-varun-gandhi-met-in-kedarnath-dham-2023-11-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"क्या गुल खिलाएगी मुलाकात: केदारनाथ धाम में मिले राहुल और वरुण गांधी, राजनीतिक कयासबाजी का दौर तेज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
क्या गुल खिलाएगी मुलाकात: केदारनाथ धाम में मिले राहुल और वरुण गांधी, राजनीतिक कयासबाजी का दौर तेज
Wed, 08 Nov 2023 06:02 AM IST
रोहित मिश्र
अजीत बिसारिया, अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अजीत बिसारिया, अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: रोहित मिश्र
Updated Wed, 08 Nov 2023 06:02 AM IST
सार
वरुण गांधी का परिवार के साथ केदारनाथ धाम दर्शन का पहले से ही कार्यक्रम बना हुआ था। मंगलवार की सुबह वरुण, यामिनी और अनसूया दर्शन करके वहां से निकल ही रहे थे कि इसी दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी वहां पहुंचे।
विज्ञापन
वरुण गांधी और राहुल गांधी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भारत के पवित्र केदारनाथ धाम में मंगलवार को गांधी-नेहरू खानदान के उत्तराधिकारियों राहुल गांधी और वरुण गांधी के बीच मुलाकात की हुई। इस दौरान राहुल गांधी ने काफी देर तक वरुण गांधी की बेटी अनसूया से बातचीत की। वरुण की पत्नी यामिनी का भी हालचाल लिया। हालांकि, इस दौरान दोनों ओर से कोई भी फोटो लेने से परहेज किया गया।
विज्ञापन
वरुण गांधी का परिवार के साथ केदारनाथ धाम दर्शन का पहले से ही कार्यक्रम बना हुआ था। मंगलवार की सुबह वरुण, यामिनी और अनसूया दर्शन करके वहां से निकल ही रहे थे कि इसी दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी वहां पहुंचे। आमना-सामना हुआ तो राहुल और उनके चचेरे भाई वरुण के बीच बातचीत का सिलसिला भी शुरू हो गया।
विज्ञापन
राहुल गांधी ने वहां बैठकर पहले अनसूया को दुलारा। उसकी पढ़ाई-लिखाई और शौक के बारे में जाना। यह भी पूछा कि उसे गेम्स में क्या पसंद है। राहुल और वरुण का परिवार काफी खुलकर मिला। यहां तक कि राहुल ने यामिनी से भी घर-परिवार के बारे में भी पूछा। दोपहर के भोजन से पहले वरुण गांधी व उनका परिवार केदारनाथ धाम से नीचे उतर आया, जबकि राहुल गांधी पूजा के लिए वहीं रुके रहे। बताते हैं कि उन्होंने भविष्य में दुबारा मिलने के शिष्टाचारी संकल्प के साथ एक-दूसरे से विदा ली।
विज्ञापन
राजनीतिक निहतार्थ भी तलाशे जाने लगे
राहुल और वरुण ने जिस तरह से गर्मजोशी के साथ मुलाकात की, उसके राजनीतिक निहितार्थ भी तलाशे जाने लगे हैं। भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान दोनों के बीच राजनीतिक बातचीत नहीं हुई। यह बातचीत सिर्फ परिवारिक हालचाल लिए तक ही केंद्रित रही। हालांकि, भविष्य में इसके किसी न किसी रूप में राजनीतिक परिणाम सामने आने से इन्कार नहीं किया जा सकता।