गोमती में चलेगी वाटर बस, जानिए क्या होगी इसकी खूबियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में पर्यटकों को लुभाने के लिए वाटर टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत गोमती में अक्तूबर से वाटर बस चलाई जाएगी। सिंचाई विभाग इस योजना पर काम कर रहा है।
मुंबई की लिटमस मरीन कंपनी से 70 सीटर वाटर बस खरीदने की तैयारी की जा रही है। यह वही कंपनी है जिससे जनेश्वर मिश्र पार्क के लिए लाई गई बोट में पानी भर गया था।
सिंचाई विभाग के एक्सईएन रूप सिंह के मुताबिक कनाडा में बनी करीब ढाई करोड़ की यह बस पूरी तरह एसी रहेगी। इसमें वीआईपी मेहमानों के बैठने के लिए अलग से व्यवस्था होगी।
कुड़िया घाट से रबर डैम तक चलेगी यह बस
वहीं इसकी अधिकतम गति 30 किमी प्रति घंटा होगी, लेकिन इसे पांच किमी की स्पीड से कुड़िया घाट से गोमती में बनाए जा रहे रबर डैम तक चलाया जाएगा।
इसका उपयोग मुख्यत: परिवहन के बजाय पर्यटन के लिए होगा। लोगों की सुरक्षा के लिए जल पुलिस, दो सुरक्षा बोट भी तैनात रहेंगे। गोमती किनारे बनाए जा रहे स्टेडियम के साथ ही एक आर्टिफिशियल लेक भी तैयार की जा रही है।
इसमें एशिया का सबसे बड़ा म्यूजिकल फाउंटेन लगाया जाएगा। यह 250 मीटर गुणा 100 मीटर का होगा। जो इस समय दुबई में मौजूद फाउंटेन से भी बड़ा होगा। सिंचाई विभाग का दावा है कि इसे नवंबर तक शुरू कर दिया जाएगा।