यूपी में विधान परिषद की पांच सीटों के लिए मतदान आज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधान परिषद की स्नातक व शिक्षक क्षेत्र की पांच सीटों के लिए मतदान शुक्रवार को होगा। इसमें स्नातक क्षेत्र की तीन व शिक्षक क्षेत्र की दो सीटें शामिल हैं। मतदान सुबह आठ बजे से चार बजे के बीच होगा और मतगणना छह फरवरी को होगी।
इसी दिन देर रात परिणाम भी घोषित हो जाएंगे। स्नातक क्षेत्र में पांच लाख मतदाता 41 प्रत्याशियों में से तीन को और शिक्षक क्षेत्र में 45 हजार शिक्षक 21 प्रत्याशियों में से दो प्रत्याशियों को चुनेंगे।
स्नातक क्षेत्र का चुनाव गोरखपुर-फैजाबाद, कानपुर एवं बरेली-मुरादाबाद क्षेत्र में हो रहा है। गोरखपुर-फैजाबाद सीट के लिए 17, कानपुर सीट के लिए 13 और बरेली-मुरादाबाद सीट के लिए 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनके लिए कानपुर, गोरखपुर व बरेली में वोट डाले जाएंगे। यहां 408 पोलिंग स्टेशनों पर डिजिटल कैमरे लगवाए गए हैं।
इस तरह की गई हैं तैयारियां
669 माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है। 454 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 182 जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। चुनाव के लिए 3859 मतदान कर्मी लगाए गए हैं।
वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव इलाहाबाद-झांसी व कानपुर क्षेत्र के लिए हो रहा है। इलाहाबाद-झांसी शिक्षक क्षेत्र से आठ व कानपुर शिक्षक क्षेत्र से 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें कुल 45,321 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इसमें 31,984 पुरुष और 13,337 महिला मतदाता शामिल हैं। इस चुनाव के लिए 238 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। चुनाव के लिए 206 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 68 जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
213 माइक्रो ऑब्जर्वर पूरे चुनाव की निगरानी रखेंगे। मतदान कार्य को संपन्न कराने के लिए 1,004 कर्मचारियों को लगाया गया है। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कानपुर व झांसी में मतदान होगा।