वैलेंटाइन डे पर गर्लफ्रेंड को लगाए थप्पड़
वैलेंटाइन डे की शाम डीजीपी ऑफिस के पास गर्लफ्रैंड को दूसरे के साथ घूमता देखकर युवक ने आपा खो दिया।
बीच सड़क पर गर्लफ्रैंड को थप्पड़ जड़ने शुरू कर दिए। मारपीट होती देख अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर पहुंची हजरतगंज पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई।
काफी देर दोनों के बीच चली तनातनी के बाद किशोरी के पिता की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना शाम करीब साढ़े चार बजे की है। इंस्पेक्टर विजय मल यादव ने बताया कि गौतमपल्ली के जियामऊ निवासी सूरज यादव गोमतीनगर के एक निजी बैंक में चतुर्थ श्रेणी पद पर कार्यरत है।
डेढ़ महीने से बंद थी बातचीत
दो साल से डालीबाग की रहने वाली दसवीं की छात्रा से उसकी दोस्ती थी। डेढ़ माह पहले मनमुटाव होने पर किशोरी ने बातचीत बंद कर दी।
आरोप है कि इस पर सूरज अक्सर उससे मिलने के लिए चक्कर काटने लगा। शनिवार शाम किशोरी सहेली संग डीजीपी ऑफिस के पास से गुजर रही थी।
इसी दौरान बाइक से जा रहा दोस्त मिल गया और दोनों किशोरियां उससे बात करने लगी। तभी उधर से गुजरे सूरज की नजर पड़ गई और गर्लफ्रैंड को दूसरे से बात करता देख भड़क उठा था।
पुलिस के हत्थे चढ़े बैंककर्मी सूरज ने बताया किशोरी उसकी छोटी बहन की सहेली थी। दो साल पहले उसकी दोस्ती हुई थी।
‘वीरू’ ने पीया जहर
कानपुर में वैलेंटाइन डे पर प्रेमिका को किसी और से बतियाते देख प्रेमी ‘वीरू’ ने जहर पीकर जान देने की कोशिश की।
रोती बिलखती गरीब मां ने उसे हैलट इमरजेंसी में भर्ती कराया। पड़ोसियों से पैसा उधार लेकर कर बेटे की दवाइयां खरीदी।
उधर, होश में आए बेटे ने खुद जहर पीने की बात स्वीकारी। और घरवालों से साफ कहा कि उसे उसकी प्रेमिका ‘बसंती’ न मिली तो वह जान दे देगा।
वीरू अपने पिता अशोक संखवार, मां सुधा और शादीशुदा छोटे भाई राहुल के साथ एच ब्लॉक गुजैनी में रहता है।
उसका अपने छोटे भाई की साली से कई महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसकी जानकारी राहुल के ससुराल वालों और उसकी मां को भी है।
‘अब दूसरे से बतियाने लगी प्रेमिका’
वीरू ने बताया कि वह और उसकी प्रेमिका लगभग सात महीने से एक दूसरे के संपर्क में हैं। प्रेमिका ने शादी का वादा भी किया है।
लेकिन, इधर कई दिनों से प्रेमिका बदली सी दिख रही थी। वह उसके पड़ोस में रहने वाले एक लड़के से अक्सर मिलने और फोन पर बतियाने लगी।
बावजूद इसके दोनों ने उसे हर बार झूठा ठहरा दिया। बीती 12 फरवरी को वह प्रेमिका के मामा के जन्मदिन पर कल्यानपुर के बरसाइतपुर गया था।
वहां भी प्रेमिका पड़ोसी से बतियाते दिखी। तो उसने पकड़ लिया और मोबाइल नंबर समेत प्रेमिका की मां को बताया।
लेकिन इस बार भी दोनों ने उसे बुरी तरह झिड़क दिया। और वहां से चले जाने को कहा। इसलिए शनिवार को घर लौटते समय उसने रास्ते में जहर पी लिया। ताकि अपनी प्रेमिका को अपने प्रेम की सच्चाई बता सके।