खुले में पेशाब किया तो यू-ट्यूब पर जारी होगी फोटो
अब खुलेआम कहीं भी पेशाब करने वालों की हरकत को सोशल मीडिया पर डालकर उन्हे शर्मसार किया जाएगा। ऐसे लोगों की तस्वीरें यू ट्यूब पर चलाकर इंटरनेट पर सार्वजनिक की जाएंगी।
खासतौर से यूपी के बस स्टॉप अगर कोई भी खुले में पेशाब करते देखा गया तो उसकी फोटो तुरंत इंटरनेट पर वायरल कर दी जाएंगी।
ये तस्वीरें बस स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए खींची जाएंगी। यूपी स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने ये घोषणा की है।
यूपीआरसीटीसी ने ये कदम स्वच्छ भारत अभियान के तहत उठाने का फैसला किया है। इसके अलावा लोगों को खुले में शौच करने से स्वास्थ्य पर होने वाले खतरों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
फोटो शेयर होंगी, लगेगा 500 रुपए जुर्माना
अभी तक बस स्टॉप या सार्वजनिक जगहों पर शौच करने वालों पर जुर्माना लगाने का प्रावधान है। मगर सोशल मीडिया पर खुले में शौच करने वाले लोगों की तस्वीरें डालने से दूसरे लोगों को सबक मिलेगा।
यूपीएसआरटीसी के मैनेजिंग डायरेक्टर रविन्द्र नायक ने बताया कि प्रदेशभर के बस अड्डों पर गंदगी फैलाने वालों की फोटो इंटरनेट पर डाली जाएंगी।
सीसीटीवी से ली गई इन तस्वीरों को निकालकर लोगों की पहचान की जाएगी। खुले में पेशाब और गंदगी फैलाने लोगों से 500 रुपए जुर्माना भी वसूला जाएगा।