यूपी: लखनऊ में भैंसों की नीलामी पर हंगामा, सपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, पुलिस फोर्स तैनात; टांगकर ले गई
लखनऊ में अवैध डेयरियों से जब्त भैंसों की नीलामी के दौरान सपा और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर हंगामा किया। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को हटाया। नगर निगम ने 40 भैंसों की नीलामी कराई, जबकि पहले अभियान में 241 भैंस समेत अन्य पशु जब्त किए गए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नगर निगम की ओर से सोमवार सुबह 11 बजे से अवैध डेयरियों से जब्त की गई भैंसों की नीलामी शुरू कराई गई। दोपहर करीब एक बजे नीलामी के दौरान सपा यूथ ब्रिगेड और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। इस दौरान सीतापुर से आए एक युवक के साथ मारपीट भी की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
सपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि नीलामी में लखनऊ के बाहर से लोग पहुंचे हैं। इनमें कई लोग कथित तौर पर कसाई हैं। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया। कुछ देर बाद लखनऊ पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक अरमान खान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ धरना शुरू कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जबरन हटाकर बसों से ईको गार्डन भेज दिया।
नीलामी रोकने की मांग की
विधायक अरमान खान ने अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव को पत्र देकर नीलामी रोकने की मांग की। वहीं, लखनऊ निवासी कारोबारी मोहम्मद शाकिर ने 12 लाख एक हजार रुपये की सबसे अधिक बोली लगाकर ठाकुरगंज कांजी हाउस में रखी 40 भैंसों की नीलामी जीत ली।
दरअसल, पारा क्षेत्र में कई अवैध डेयरियां संचालित होने की शिकायत पर नगर निगम की टीम 16 अगस्त को पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इस दौरान स्थानीय लोगों ने एक दरोगा पर हमला कर दिया था। इसके बाद 17 और 18 अगस्त को अभियान चलाकर अवैध डेयरियों से 241 भैंस, एक भैंसा और एक पड़िया जब्त की गई थी। सभी पशुओं को कांजी हाउस में रखा गया है।नगर निगम ने नीलामी में एक भैंस की बेस प्राइस 21 हजार रुपये निर्धारित की थी। नीलामी में भाग लेने वालों से 1 लाख 2 हजार रुपये की राशि जमा कराई गई थी।